Kaimur News : वर्चस्व की लड़ाई में कहीं थम न जाये आवास सर्वेक्षण की रफ्तार

प्रखंड की कटराकलां पंचायत में मुखिया सीमा देवी उनके पति कमलेश तिवारी, पुत्र अभिलाष तिवारी व आवास सहायक प्रवीण कुमार राय के बीच ठनी वर्चस्व की लड़ाई थमने के बजाय बढ़ती जा रही है.

मोहनिया सदर. प्रखंड की कटराकलां पंचायत में मुखिया सीमा देवी उनके पति कमलेश तिवारी, पुत्र अभिलाष तिवारी व आवास सहायक प्रवीण कुमार राय के बीच ठनी वर्चस्व की लड़ाई थमने के बजाय बढ़ती जा रही है. इसकी शुरुआत पहले जुबानी जंग से हुई, फिर कागजी और अब मारपीट में बदल गयी है. यहां वर्चस्व की लड़ाई का कारण आवास योजना में अपने-अपने लोगों का चयन करने को लेकर उत्पन्न हुआ है. मुखिया पति की इच्छा है कि हम जिसका चाहें उसी व्यक्ति का नाम आवास सर्वेक्षण की सूची में दर्ज किया जाये. मुखिया पति सरकार की इस योजना का श्रेय खुद लेकर अपना वोटबैंक मजबूत करना चाहते हैं. मुखिया पति की सोच है कि पंचायत उनका है और उनकी पत्नी मुखिया है, इसलिए उनके मनमुताबिक ही कर्मचारी कार्य करें. जबकि आवास सहायक को यह बिल्कुल भी रास नहीं आ रहा है कि वह मुखिया पति के इशारे पर आवास सर्वेक्षण का कार्य करें और सिर्फ मुखिया के लोगों का ही चयन करें. आवास सहायक जहां नियमावली को लेकर अड़े हुए हैं कि आवास सर्वेक्षण में मुखिया का कोई रोल नहीं है, वे मुखिया के इशारे पर लोगों का नाम सर्वेक्षण सूची में दर्ज नहीं करेंगे. वहीं, मुखिया भी इस बात पर अडिग हैं कि पंचायत में कोई भी कार्य मुखिया की सहमति के बिना नहीं होगा. मुखिया व आवास सहायक के बीच ठनी वर्चस्व की लड़ाई में दोनों का नुकसान होगा या नहीं, लेकिन ग्रामीणों का नुकसान होना तय है. दोनों के बीच उपजे विवाद का ही परिणाम है कि जिले की सभी पंचायतों में सबसे अधिक कटराकला पंचायत में सेल्फ सर्वेक्षण किया गया है. हालांकि, कोई भी व्यक्ति भले ही सेल्फ सर्वेक्षण करें लेकिन उसकी जांच कर स्वीकृति देने के लिए सरकारी तंत्र ही अधिकृत है. इन दोनों के बीच ठनी वर्चस्व की लड़ाई में भले ही आवास सर्वेक्षण का कार्य प्रभावित हो रहा हो, लेकिन यह भी तय है बाकी पंचायतों में जिस तरह कर्मियों द्वारा अवैध वसूली का मामला प्रकाश में आ रहा है यहां आवास सर्वेक्षण में अवैध वसूली नहीं के बराबर होगी. क्योंकि यहां सर्वेक्षण कर्मी भी काफी सतर्क है और वह ऐसी कोई गलती नहीं करना चाहेगा जिससे की उसको फजीहत का सामना करना पड़े. # अविवाहित युवती को विवाहित दिखा कर आवास देने से हुआ विवाद कटराकलां पंचायत के निर्वाचित वार्ड सदस्य प्रदीप कुमार साह जो अविवाहित है, प्रियंका कुमारी को उनकी पत्नी दिखाकर आवास सहायक प्रवीण कुमार राय द्वारा मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ पूर्व में दिया गया है. इस मामले को लेकर मुखिया व आवास सहायक के बीच दूरी बढ़ने लगी, जो अब एक खाईं का रूप ले चुकी है. उपजे इस विवाद को पाटने के लिए कटराकलां में मुखिया पति व आवास सहायक के बीच बैठक भी की गयी थी, लेकिन मामला समझौते में नहीं गया बल्कि दोनों पक्ष का तेवर और भी तल्ख हो गया. इस मामले को लेकर मुखिया ने अनुमंडलीय लोक शिकायत में आवास सहायक के खिलाफ परिवाद दायर किया था, जिसमें लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी ने अपने निर्णय में आवास सहायक को दोषी करार देते हुए राशि की रिकवरी का आदेश जारी किया था. # दोनों तरफ से दिया गया है थाने में आवेदन एक तरफ जहां विगत पांच मार्च 2025 को आवास सहायक प्रवीण कुमार राय ने मुखिया सीमा देवी के पुत्र अभिलाष तिवारी पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए स्थानीय थाने में एफआइआर दर्ज करायी गयी है, वहीं कटराकलां गांव के रहने वाले कैलाश राम ने थाने में आवास सहायक प्रवीण कुमार राय के खिलाफ आवेदन दिया है, जिसमें लिखा गया है कि मैं विगत पांच मार्च की शाम लगभग पांच बजे एनएच दो के बगल बने मुखिया के मकान में बैठा था, तभी आवास सहायक पहुंचे और मुखिया के पुत्र अभिलाष तिवारी का गला जोर से दबाने लगे, जिससे ऐसा लग रहा था कि वे अभिलाष तिवारी को मार ही डालेंगे, जब मैं छुड़ाने गया तो आवास सहायक ने हमको धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया और जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए हमको गालियां देने लगे. इधर, दोनों तरफ से मिले आवेदन पर पुलिस ने संज्ञान लेते हुए गुरुवार की देर शाम कटराकलां पहुंचकर मामले की जांच शुरु कर दी है. # बोले आवास सहायक इस संबंध में जब आवास सहायक प्रवीण कुमार राय से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि हम सर्वे कर लौट रहे थे, कटराकलां में एक दुकान पर रुके थे तभी मुखिया का लड़का पहुंचा और फोन नहीं उठाने की बात कह मारने लगा. प्रखंड कार्यालय पर भी आकर उनके लोगों ने धमकी दी कि आना पंचायत में फिर बतायेंगे # बोले मुखिया पति इस संबंध में पूछे जाने पर मुखिया पति कमलेश तिवारी ने कहा कि हम नहीं थे, आवास सहायक एक व्यक्ति से 40 हजार रुपये घूस की मांग की थी. उस व्यक्ति ने हमारे बेटा से कहा तो वह पूछने के लिए फोन कर रहा था, वह फोन नहीं उठाया. जब हमारे लड़के से भेंट हुई तो आवास सहायक बोले तुम कौन होते हो फोन करने वाले इतना कहते हुए हमारे बेटे को मारने लगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >