Kaimur News : जिला एड्स नियंत्रण समिति और शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार, 5 अगस्त को पीएम श्री प्लस-टू उच्च विद्यालय, भभुआ में जिला स्तरीय रेड रिबन क्विज प्रतियोगिता का आयोजन होगा. प्रतियोगिता में जिले के 50 चयनित विद्यालयों के छात्र-छात्राएं भाग लेंगे. इनमें 46 सरकारी और चार निजी विद्यालय शामिल हैं. आयोजन को लेकर सभी विद्यालयों को पूर्व में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं.
एचआईवी/एड्स जागरूकता बढ़ाने पर रहेगा फोकस
प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं में एचआईवी/एड्स, स्वास्थ्य, स्वच्छता, सुरक्षित जीवनशैली और सामाजिक जागरूकता से जुड़े विषयों की जानकारी बढ़ाना है. क्विज के माध्यम से विद्यार्थियों में स्वास्थ्य संबंधी ज्ञान का विस्तार करने के साथ समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने का भी प्रयास किया जाएगा.
बेहतर टीमों को मिलेगा राज्य स्तर पर मौका
जिला स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों को राज्य स्तरीय रेड रिबन क्विज प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिल सकता है. इसे लेकर छात्र-छात्राओं में उत्साह देखा जा रहा है.
सभी विद्यालयों की भागीदारी अनिवार्य
शिक्षा विभाग ने सभी चयनित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया है कि वे निर्धारित समय पर अपनी टीम के साथ प्रतियोगिता स्थल पर अनिवार्य रूप से उपस्थित हों. प्रतिभागियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी संबंधित विद्यालय प्रशासन की होगी. प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए सभी प्रशासनिक और शैक्षणिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.
अनुपस्थित रहने पर होगी विभागीय कार्रवाई
जिला शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन विद्यालयों का चयन प्रतियोगिता के लिए किया गया है, उनकी भागीदारी अनिवार्य है. यदि कोई विद्यालय बिना उचित कारण के प्रतिभागियों को नहीं भेजता है या विभागीय निर्देशों की अवहेलना करता है, तो संबंधित प्रधानाध्यापक एवं जिम्मेदार पदाधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी.
नेतृत्व और सामाजिक जिम्मेदारी का मिलेगा संदेश
रेड रिबन क्लब कार्यक्रम के तहत आयोजित यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, तार्किक सोच, टीम भावना और स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम मानी जाती है. जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग ने सभी विद्यालयों से शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील की है, ताकि प्रतियोगिता अपने उद्देश्य को सफलतापूर्वक पूरा कर सके.
