Kaimur News : मुंडेश्वरी क्षेत्र के मौजा-मातर स्थित रामप्रसाद सिंह के पोखर में सोमवार सुबह मगरमच्छ दिखाई देने से आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया. ग्रामीणों से सूचना मिलने के बाद कैमूर वन प्रमंडल की टीम मौके पर पहुंची और मगरमच्छ को सुरक्षित रेस्क्यू करने की कार्रवाई शुरू की.
करीब चार बजे मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ा
वन प्रमंडल पदाधिकारी, कैमूर वन प्रमंडल, भभुआ के निर्देशन में वन विभाग की टीम ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाया. करीब चार बजे अपराह्न टीम को मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ने में सफलता मिली. रेस्क्यू के दौरान वनकर्मियों ने विशेष सतर्कता बरती, ताकि वन्यजीव को किसी प्रकार का नुकसान न पहुंचे और आसपास मौजूद लोगों की सुरक्षा भी बनी रहे.
रेस्क्यू के बाद करकटगढ़ में छोड़ा गया
मगरमच्छ को पकड़ने के बाद वन विभाग की टीम उसे सुरक्षित रूप से करकटगढ़ ले गयी. वहां उसके अनुकूल प्राकृतिक आवास में मगरमच्छ को छोड़ दिया गया. इसके साथ ही आबादी के समीप स्थित पोखर में मगरमच्छ की मौजूदगी से उत्पन्न खतरा भी टल गया. वन विभाग की त्वरित कार्रवाई से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली.
वनकर्मियों ने रेस्क्यू अभियान में निभायी सक्रिय भूमिका
रेस्क्यू अभियान में वनों के क्षेत्र पदाधिकारी संतोष कुमार चौधरी, वनों के क्षेत्र पदाधिकारी दिवाकर कुमार, वनपाल प्रतिभा भारती, वनरक्षी आशीष कुमार सहित अन्य वनकर्मियों ने सक्रिय भूमिका निभायी. टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और निर्धारित प्रक्रिया के तहत मगरमच्छ का सुरक्षित रेस्क्यू किया.
वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की
वन विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि आबादी, तालाब या पोखर के आसपास मगरमच्छ अथवा किसी अन्य वन्यजीव के दिखाई देने पर उसके नजदीक न जाएं और न ही स्वयं पकड़ने का प्रयास करें. वन्यजीव दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना दें, ताकि प्रशिक्षित कर्मियों द्वारा सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सके.
Also Read : भभुआ में खेत-मजदूर यूनियन का धरना-प्रदर्शन, केंद्र व राज्य सरकार पर साधा निशाना
मानव-वन्यजीव संघर्ष रोकना विभाग की प्राथमिकता
वन विभाग ने कहा कि वन्यजीवों की सुरक्षा के साथ मानव-वन्यजीव संघर्ष को रोकना भी उसकी प्राथमिकता है. लोगों से अपील की गयी है कि वन्यजीवों के दिखाई देने पर सावधानी बरतें और विभाग को सूचना देकर सुरक्षित रेस्क्यू में सहयोग करें.
Also Read : भभुआ में इंजीनियरिंग छात्र ने फांसी लगाकर दी जान, घर में अकेला था युवक
