Kaimur News: जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सुहावल गांव में असामाजिक तत्वों द्वारा एक झोपड़ी में घुसकर दंपति के साथ बुरी तरह मारपीट करने और मोबाइल फोन छीनकर भागने का मामला सामने आया है. पुलिस द्वारा जुआरियों की बाइक जब्त किए जाने से बौखलाए आरोपियों ने इस घटना को अंजाम दिया. घटना के बाद पीड़ित दंपति ने चैनपुर थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ नामजद लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
झोपड़ी के पास जुआ खेलने और शराब पीने का था विरोध
पीड़ित सुहावल गांव निवासी ओमकार मिश्र ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि वह गांव के बाहर झोपड़ी बनाकर अपनी पत्नी चंपा देवी और परिवार के साथ रहते हैं. उनकी झोपड़ी के पास नंदगांव सुहावल निवासी टेटमल कुशवाहा, चमन पासवान और बबलू पासवान अक्सर बैठकर जुआ खेलते और शराब पीते थे, जिससे उनका परिवार लंबे समय से परेशान रहता था.
पुलिस ने जब्त की बाइक तो दंपति पर फूटा जुआरियों का गुस्सा
आवेदन के अनुसार, घटना के दिन तीनों आरोपी झोपड़ी के पास जुआ खेल रहे थे. इसी दौरान गश्ती कर रही पुलिस की गाड़ी वहां आ पहुंची. पुलिस को देखते ही तीनों जुआरी मौके पर अपनी दो बाइक छोड़कर फरार हो गए. गश्ती दल ने लावारिस हालत में मिलीं दोनों बाइकों को जब्त कर लिया और थाने ले आई.
पुलिस के जाते ही तीनों आरोपी वापस लौटे और अपनी बाइक न पाकर आगबबूला हो गए. वे सीधे ओमकार मिश्र की झोपड़ी में घुस गए और मुखबिरी का झूठा आरोप लगाते हुए गाली-गलौज करने लगे. जब ओमकार ने इसका विरोध किया, तो तीनों ने मिलकर उन पर हमला बोल दिया और बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी.
बचाने आई पत्नी को भी पीटा, मोबाइल छीनकर भागे आरोपी
पति को पिटता देख जब पत्नी चंपा देवी बीच-बचाव करने पहुंचीं, तो आरोपियों ने उनके साथ भी बदसलूकी करते हुए जमकर मारपीट की. जाते-जाते आरोपी ओमकार मिश्र का मोबाइल फोन छीनकर मौके से फरार हो गए. चैनपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़ित दंपति के आवेदन पर टेटमल कुशवाहा, चमन पासवान और बबलू पासवान के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है.
