कैमूर में 15 लाख रुपये से अधिक के बिजली सामान के कथित गबन का मामला, ठेकेदार पर FIR दर्ज

कैमूर जिले में मुख्यमंत्री कृषि विद्युत संबंध योजना से जुड़े एक ठेकेदार के खिलाफ 15 लाख रुपये से अधिक की बिजली सामग्री के गबन का मामला दर्ज किया गया है. निर्माण करा रही कंपनी ने ठेकेदार पर सामग्री नहीं लौटाने का आरोप लगाया है.

Kaimur News : कैमूर जिले के भभुआ सदर थाना में मुख्यमंत्री कृषि विद्युत संबंध योजना (फेज-2) से जुड़े एक ठेकेदार के खिलाफ 15 लाख रुपये से अधिक मूल्य के विद्युत सामग्री के कथित गबन और धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है. शिकायत निर्माण कार्य करा रही कंपनी की ओर से दी गई है. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

कंपनी ने ठेकेदार पर लगाया सामान नहीं लौटाने का आरोप

शास्त्री नगर, नई दिल्ली स्थित मॉडर्न ट्रांसफार्मर प्राइवेट लिमिटेड ने रोहतास जिले के रेही गांव निवासी मो. नईमुद्दीन अंसारी के पुत्र रियाज अंसारी के खिलाफ भभुआ थाने में आवेदन दिया है. कंपनी का आरोप है कि मुख्यमंत्री कृषि विद्युत संबंध योजना फेज-2 के तहत उन्हें विद्युत अधोसंरचना निर्माण का कार्य सौंपा गया था.

करीब एक साल से बंद पड़ा है कार्य

शिकायत के अनुसार, ठेकेदार ने लगभग एक वर्ष पहले निर्माण कार्य बंद कर दिया. कंपनी का कहना है कि कार्य बंद होने के बाद कई बार विद्युत सामग्री वापस करने के लिए संपर्क किया गया, लेकिन ठेकेदार ने कंपनी के निर्देशों का पालन नहीं किया.

15.11 लाख रुपये की सामग्री लंबित होने का दावा

कंपनी के अभिलेखों के अनुसार, ठेकेदार के पास 15,11,281 रुपये मूल्य की विद्युत सामग्री अब भी लंबित है, जिसे कंपनी के स्टोर में वापस नहीं कराया गया है. इसी आधार पर कंपनी ने गबन और धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की है.

पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच शुरू

भभुआ थाने के अपर थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि कंपनी के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जांच के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Amit Sinha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >