kaimur News : कैमूर जिला के दुर्गावती प्रखंड की ग्राम पंचायत ढड़हर के पिपरी गांव में पिपरी पुलिया से उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, कुड़ारी तक कच्ची सड़क के पक्कीकरण की मांग को लेकर 48 घंटे से चल रहा आमरण अनशन शनिवार को समाप्त हो गया. बक्सर सांसद सुधाकर सिंह ने अनशन स्थल पर पहुंचकर अनशनकारियों को सड़क निर्माण का आश्वासन दिया और जूस पिलाकर उनका अनशन समाप्त कराया.
48 घंटे से आमरण अनशन पर बैठे थे ग्रामीण
आमरण अनशन गुरुवार सुबह नौ बजे शुरू हुआ था. अनशनकारी मनोज राजभर का कहना था कि आजादी के बाद से अब तक पिपरी पुल से कुड़ारी विद्यालय तक सड़क का पक्कीकरण नहीं हुआ है. इस रास्ते से ढड़हर, पिपरी, मझवा, कानपुर, बिलखुरी, धनसराय, सखेलीपुर और बड़ूरी गांवों के सैकड़ों बच्चे प्रतिदिन कुड़ारी स्कूल जाते हैं. बरसात में सड़क पर कीचड़ जमा होने से बच्चों को स्कूल पहुंचने में परेशानी होती है.
पहले ही तैयार हो चुका है सड़क का DPR
अनशनकारियों के अनुसार सड़क निर्माण के लिए पहले ही सर्वे और DPR तैयार हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ. सीधा मार्ग नहीं होने के कारण ग्रामीणों को जीटी रोड, कर्मनाशा हाईवे और भानपुर होकर करीब 12 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है. इससे दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है. ग्रामीणों ने पूर्व तैयार DPR के आधार पर MMGSY योजना के तहत सड़क निर्माण शुरू कराने की मांग की थी.
सांसद ने दिया सड़क निर्माण का भरोसा
शनिवार सुबह करीब 8:40 बजे बक्सर सांसद सुधाकर सिंह आमरण अनशन स्थल पर पहुंचे. उन्होंने कहा कि फिलहाल बरसात के कारण रास्ते पर कीचड़ है. मौसम ठीक होने के बाद सड़क पर राबिस गिराकर जेसीबी से उसे आवागमन के लायक बनाया जायेगा. इसके बाद टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर सड़क का पक्कीकरण कराया जायेगा. सांसद ने कुड़ारी कॉलेज से जुड़ी अन्य सुविधाओं को लेकर भी लोगों को आवश्यक पहल का आश्वासन दिया.
जूस पिलाकर समाप्त कराया अनशन
सांसद के आश्वासन पर अनशनकारियों ने भरोसा जताया. इसके बाद सांसद सुधाकर सिंह ने अनशनकारियों को जूस पिलाकर उनका आमरण अनशन समाप्त कराया. अनशन पर मनोज राजभर के साथ पूर्व मुखिया भाई चंद रावत, अलीहार सिंह यादव, जय नारायण राजभर और अरुण राजभर बैठे थे.
मौके पर राजद नेता अजीत सिंह, पूर्व मुखिया जोगिंदर यादव, बृजेश यादव, तौहीद खान, कलेंदर सिंह, पवन सिंह, परवेज खान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे. अनशनकारियों ने कहा कि सड़क निर्माण की मांग को लेकर क्षेत्र के लोगों का लगातार समर्थन मिल रहा है और आश्वासन के बावजूद मांग पूरी नहीं हुई तो आगे आंदोलन किया जायेगा.
