दुर्गावती. कर्मनाशा-दुर्गावती पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर दो अलग-अलग स्थानों से 35 बोतल शराब बरामद करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. वहीं शराब के नशे में मिले दो अन्य लोगों को भी गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं के तहत न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
35 बोतल शराब के साथ एक तस्कर गिरफ्तार
पुलिस को सूचना मिली थी कि खमीदौरा मोड़ के समीप एक व्यक्ति झोले में शराब रखकर उसकी बिक्री कर रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान खरखोली गांव निवासी कमलेश कुमार को गिरफ्तार किया गया. तलाशी के दौरान उसके झोले से 31 बोतल शराब बरामद हुई.
बाइक सवार दो युवकों के पास मिली चार बोतल बीयर
इसी अभियान के तहत ककरैत के पास वाहन जांच के दौरान बाइक सवार हिमांशु नट, निवासी रामपुर कंदवा (चंदौली) और शामू नट, निवासी पचिलखी (दुर्गावती, कैमूर) को रोका गया. तलाशी लेने पर उनके पास से चार बोतल बीयर बरामद हुई. पुलिस ने शराब के साथ बाइक भी जब्त कर ली.
शराब के नशे में दो लोग भी गिरफ्तार
अभियान के दौरान पुलिस ने शराब के नशे में पाए गए पवन कुमार, निवासी पचगाई (रामगढ़) और शिवाजी कुमार, निवासी सिकठी (भभुआ, कैमूर) को भी गिरफ्तार किया. मेडिकल जांच के बाद दोनों के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई.
सभी आरोपितों को भेजा गया न्यायिक हिरासत में
दुर्गावती पुलिस ने बरामद शराब और बाइक को जब्त कर लिया है. सभी गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में शराब तस्करी और अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा.
