बीएसपी के सतीश ने बीजेपी के अशोक सिंह को 30 मतों से हराया, बने विधायक दो बार से कम मतों से हार का स्वाद चख रही बीएसपी को इस बार मिली जीत वर्ष 2020 में 189 मतों से राजद से मिली थी हार वर्ष 2024 उपचुनाव में 1362 मतों से बीजेपी से हारी थी बीएसपी फोटो 5 जित के बाद समर्थकों के साथ प्रत्याशी सतीश प्रतिनिधि, रामगढ़. राजद के गढ़ रामगढ़ में 74 वर्षों बाद पहली बार बीएसपी की हाथी ने लालटेन की रोशनी कम कर बीजेपी के कमल को चित करते हुए 30 मतों से जीत का परचम लहराने का काम किया है. शुक्रवार की रात दो बार रिकाउंटिंग के बाद बीएसपी प्रत्याशी सतीश कुमार सिंह ने बीजेपी प्रत्याशी अशोक कुमार सिंह को कांटे की टक्कर में महज 30 मतों से हराकर जीत का ताज (विधायक) अपने नाम कर लिया. पोस्टल बैलेट की गिनती मिलाकर हुए कुल 26 राउंड की गिनती के दौरान प्रथम राउंड से 197 मतों से बढ़त बनाये बीएसपी उम्मीदवार सतीश ने अंतिम राउंड तक बीजेपी पर बढ़त बनाये रखी. फाइनल रिजल्ट में बीएसपी के सतीश कुमार सिंह यादव को 72,689 मत, बीजेपी के अशोक कुमार सिंह को 72,659 मत, राजद के अजीत कुमार को 41,480 मत, जनसुराज पार्टी के आनंद कुमार सिंह को 4426 मत, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के घुरेलाल राजभर को 1779 मत और निर्दलीय प्रत्याशी रामप्रवेश सिंह को 657 मत मिले. जबकि नोटा पर 1152 लोगों ने मतदान किया. पोस्टल बैलेट के मतदान में बीजेपी को केवल 14 मतों से बढ़त मिली थी, पोस्टल बैलेट में बीजेपी को 321, बीएसपी को 307, राजद को 193, जनसुराज को 37, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी दो और नोटा पर तीन मत पड़े थे. सुबह से लेकर देर रात तक चले रामगढ़ विधानसभा सीट पर मतगणना के दौरान बीएसपी कार्यकर्ताओं व प्रत्याशी के दिलों की धड़कनें काफी तेज बढ़ी हुई थी. मतगणना के प्रथम राउंड में 197 मतों से लीड कर रही बीएसपी 24वें राउंड तक 175 मतों की बढ़त बनाये रखी थी. इलेक्शन कमीशन की सरकारी वेबसाइट पर आगे के रुझान व जीत हार के परिणाम नहीं दिखने से क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की बेचैनी बढ़ी हुई थी. वैसे पिछले दो चुनाव के आंकड़ों पर नजर डालें तो कम मतों से हार का स्वाद चख रही बीएसपी के लिए इस बार करो या मरो जैसी स्थिति थी. वर्ष 2020 में बीएसपी के प्रत्याशी अंबिका यादव को राजद प्रत्याशी सुधाकर सिंह से महज 189 मतों से हार मिली थी, उस वक्त सुधाकर सिंह को 58,083 मत, अंबिका यादव को 57,894 मत और बीजेपी प्रत्याशी अशोक सिंह को 56084 मत मिले थे. वहीं एक वर्ष पूर्व वर्ष 2024 में भी उपचुनाव के दौरान बीएसपी को महज 1362 मतों से हार का सामना करना पड़ा था, तब बीजेपी के अशोक सिंह को 62257 मत, बीएसपी प्रत्याशी सतीश कुमार सिंह को 60895 मत व राजद प्रत्याशी अजीत कुमार को 35825 मत प्राप्त हुए थे. दो बार से कम मतों से हारने वाली बीएसपी इस बार 30 मतों से जीत का ताज प्राप्त करने में सफल रही है. प्रत्याशी सतीश की जीत से रामगढ़, नुआंव, दुर्गावती व चंदेश गांव की सड़कों पर कार्यकर्ता हाथों में हाथी का झंडा लिए जीत का जश्न मनाते दिखे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
