ट्रैक्टर के केज व्हील से टकराई बाइक, एक युवक की मौत, दूसरा वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर

Kaimur News : कैमूर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर से बाइक के टकराने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना रिश्तेदारी से लौटते समय हुई. एक युवक को मृत घोषित किया गया और दूसरे को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया.

Kaimur News : जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के भतौनी गांव के समीप मंगलवार की देर शाम ट्रैक्टर के पहिये में लगे केज व्हील से टकराकर बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां एक युवक को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. वहीं दूसरे घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया.

रिश्तेदारी से लौटते समय हुआ हादसा

मृतक की पहचान भभुआ थाना क्षेत्र के सैदरा कला गांव निवासी विनोद बिंद के 29 वर्षीय पुत्र विपिन बिंद के रूप में हुई है. जबकि घायल युवक की पहचान उसी गांव निवासी चतुरी बिंद के पुत्र उदय बिंद के रूप में की गई है. जानकारी के अनुसार, विपिन बिंद अपने साथी उदय बिंद के साथ मंगलवार को कल्याणपुर गांव स्थित रिश्तेदारी में गया था. देर शाम करीब 7:30 बजे दोनों बाइक से अपने गांव लौट रहे थे. इसी दौरान भतौनी गांव के समीप खेती का कार्य कर लौट रहे ट्रैक्टर के पहिये में लगे केज व्हील से उनकी बाइक टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए.

एक की मौत, दूसरे की हालत गंभीर

घटना के बाद दोनों घायलों को इलाज के लिए रामगढ़ रेफरल अस्पताल ले जाया गया. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद विपिन बिंद को मृत घोषित कर दिया. वहीं गंभीर रूप से घायल उदय बिंद को प्राथमिक उपचार के बाद भभुआ सदर अस्पताल रेफर किया गया. सदर अस्पताल में भी उसकी हालत नाजुक बनी रही. इमरजेंसी में तैनात डॉ. कमलेश प्रसाद ने बेहतर इलाज के लिए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया. इसके बाद परिजन एम्बुलेंस से उदय बिंद को वाराणसी ट्रॉमा सेंटर लेकर रवाना हो गए.

पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम

मंगलवार देर शाम घटना की सूचना मिलने पर रामगढ़ थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पंचनामा किया. बुधवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया.

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

बताया जाता है कि मृतक विपिन बिंद अपने पीछे दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गया है. उसकी पत्नी गर्भवती है और जल्द ही परिवार में नए सदस्य का जन्म होने वाला है. हादसे की सूचना मिलते ही सदर अस्पताल में ग्रामीणों और परिजनों की भीड़ जुट गई. परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है.

Also Read : पेट दर्द के इलाज के लिए गई महिला की इंजेक्शन लगने के बाद मौत, आरा में झोलाछाप डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Vinod kumar singh

Published by: Yuvraj Ratan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >