Kaimur Road Accident: स्थानीय थाना क्षेत्र के अमरपुरा गांव के समीप दैत्रा बाबा के पास सोमवार की शाम सड़क पर अचानक गाय आ जाने से बाइक सवार तीन युवक दुर्घटनाग्रस्त हो गये. हादसे में तीनों युवक घायल हो गये.
आसपास मौजूद लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल मोहनिया पहुंचाया गया. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद एक घायल को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया, जबकि दो घायलों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी.
एक ही बाइक से मोहनिया आ रहे थे तीनों युवक
घायलों की पहचान भभुआ थाना क्षेत्र के भरिगांवा गांव निवासी महेंद्र राम के पुत्र रतन कुमार, स्वर्गीय बैकुंठ राम के पुत्र जल्लू राम और धर्मदेव सिंह के पुत्र सुशील कुमार के रूप में हुई है.
घायल रतन कुमार ने बताया कि तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर अपने गांव से किसी काम के सिलसिले में मोहनिया आ रहे थे. इसी दौरान अमरपुरा गांव के समीप दैत्रा बाबा के पास सड़क पर अचानक गाय आ गयी. गाय के अचानक सड़क पर आ जाने से बाइक अनियंत्रित हो गयी और गाय से टकरा गयी. इसके बाद बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गये.
जल्लू राम को गंभीर चोट, हायर सेंटर रेफर
अनुमंडलीय अस्पताल के चिकित्सक डॉ. मलय मिश्रा ने बताया कि तीनों घायलों को अस्पताल लाया गया था. जांच के दौरान जल्लू राम के कमर और पैर में गंभीर चोट पायी गयी.
प्राथमिक उपचार के बाद जल्लू राम को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया. वहीं रतन कुमार और सुशील कुमार को हल्की चोटें आयी थीं. दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी.
