बिहार में एक साथ उठी दो सगे भाइयों की अर्थी, ट्रेन हादसे ने उजाड़ दिया परिवार

Bihar News: कैमूर में घने कोहरे के बीच बड़ा हादसा हो गया. बरेज गांव के पास DFCC रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आकर दो सगे भाइयों की मौत हो गई. दोनों भाई ठेला लगाकर अंडे बेचते थे और उसी से परिवार का गुजारा चलता था.

Bihar News: बिहार के कैमूर जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया. मोहनिया थाना क्षेत्र के बरेज गांव के पास DFCC रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से दो सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई. इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है. परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है.

मृतकों की पहचान बरेज गांव निवासी मदन शाह के पुत्र 24 वर्षीय प्रिंस कुमार और 22 वर्षीय रोहित कुमार के रूप में हुई है. दोनों भाई सुबह घर से खेत की ओर जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया.

घने कोहरे में हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह इलाके में घना कोहरा छाया हुआ था. इसी दौरान दोनों भाई रेलवे ट्रैक पार कर खेतों की ओर जा रहे थे. कोहरे की वजह से उन्हें ट्रैक पर आ रही ट्रेन दिखाई नहीं दी. देखते ही देखते ट्रेन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए.

अंडे बेचकर चलाते थे परिवार

मृतकों के छोटे भाई राजकुमार गुप्ता ने बताया कि कोहरे की वजह से दोनों भाई ट्रेन को देख नहीं पाए. उन्होंने बताया कि शोर सुनकर वे लोग ट्रैक की ओर दौड़े, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी. प्रिंस और रोहित चार भाइयों में दूसरे और तीसरे नंबर पर थे. दोनों भाई गांव में ठेला लगाकर अंडे बेचते थे. इसी काम से उनके परिवार का गुजारा चलता था. इस हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घर में मातम पसरा हुआ है और परिजन सदमे में हैं.

गांव में छाया मातम

घटना की खबर मिलते ही गांव के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए. हर कोई इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध था. ग्रामीणों ने बताया कि दोनों भाई मेहनती और शांत स्वभाव के थे. वे रोज सुबह काम पर निकलते थे और परिवार की जिम्मेदारी निभाते थे. अचानक हुई इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है.

पुलिस और आरपीएफ ने संभाली स्थिति

घटना की सूचना मिलने के बाद भभुआ रोड आरपीएफ के एस.के. पांडे मौके पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि स्थानीय पुलिस को भी घटना की जानकारी दे दी गई है. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है. हादसे के बाद रेलवे ट्रैक के आसपास लोगों की भीड़ लग गई थी, जिसे बाद में हटाया गया.

Also Read: पटना मेट्रो को रेलवे से मिली मंजूरी, 12 मार्च से राजेंद्र नगर के नीचे शुरू होगी टनल खुदाई

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

अभिनंदन पांडेय डिजिटल माध्यम में पिछले 2 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर तक का मुकाम तय किए हैं. अभी डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास करते हैं. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखते हैं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >