Kaimur News : राष्ट्रीय पेंशन योजना (NPS) के विरोध और पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली की मांग को लेकर मंगलवार को मध्य विद्यालय भेकास के शिक्षकों ने काली पट्टी बांधकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया. शिक्षकों ने सरकार से सेवानिवृत्ति के बाद निश्चित और सम्मानजनक आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की.
एक सितंबर 2005 से लागू है नई पेंशन व्यवस्था
बिहार राज्य शिक्षक संघर्ष समन्वय समिति के तहत प्रदर्शन कर रहे शिक्षकों ने कहा कि एक सितंबर 2005 से पुरानी पेंशन व्यवस्था समाप्त कर नई अंशदान आधारित पेंशन योजना लागू की गयी थी. इसके बाद से ही शिक्षक और कर्मचारी पुरानी पेंशन बहाल करने की मांग कर रहे हैं.
महंगाई और स्वास्थ्य खर्च का दिया हवाला
शिक्षकों ने कहा कि सरकारी सेवा के दौरान वे अपना महत्वपूर्ण समय समाज और सरकार की सेवा में लगाते हैं. सेवानिवृत्ति के बाद नियमित आय उनके आर्थिक भविष्य के लिए जरूरी है. बढ़ती महंगाई, स्वास्थ्य खर्च और पारिवारिक जिम्मेदारियों को देखते हुए निश्चित पेंशन व्यवस्था की आवश्यकता और अधिक बढ़ गयी है.
सरकार से कर्मचारी हित में फैसला लेने की अपील
प्रदर्शन कर रहे शिक्षकों ने कहा कि उनका आंदोलन किसी व्यक्ति या संस्था के विरोध में नहीं है. यह शिक्षकों और कर्मचारियों की सामाजिक व आर्थिक सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा है. उन्होंने सरकार से पुरानी पेंशन व्यवस्था की समीक्षा कर इसे पुन: लागू करने तथा पेंशन व्यवस्था को सुरक्षित, पारदर्शी और कर्मचारी हितैषी बनाने की मांग की.
इस मौके पर मीडिया प्रभारी तुलसी पटेल, विनोद कुमार पाण्डेय, अजय त्रिपाठी, जितेंद्र राम, ब्रजेश सिंह, बबीता सिंह, मुजम्मिल सिंह, बी.पी. सिंह, प्रीति देवी, अरुंधति देवी और संगीता कुमारी समेत अन्य शिक्षक मौजूद रहे.
