कैमूर : भभुआ के दुर्गा मंदिर में 15 लाख की चोरी, शीशा तोड़कर सोने-चांदी के गहने ले उड़े चोर

भभुआ के दुर्गा मंदिर में 15 लाख की भीषण चोरी का मामला सामने आया है. चोरों ने शीशा तोड़कर सोने-चांदी के गहने चुरा लिए. सीसीटीवी बंद होने का फायदा उठाकर की वारदात को अंजाम दिया गया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

भभुआ सदर. मंगलवार की देर रात भभुआ शहर के वार्ड संख्या 24 स्थित दक्षिण मुहल्ला के प्राचीन दुर्गा मंदिर में चोरों ने भीषण चोरी की घटना को अंजाम दिया. चोर मंदिर में लगे ग्रिल से अंदर का शीशा तोड़कर माता के श्रृंगार में चढ़ाए गए सोने-चांदी के करीब 15 लाख रुपये के आभूषण लेकर फरार हो गए. बुधवार सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया.

सोने की हार से लेकर चांदी के मुकुट तक चोरी

वार्ड संख्या 24 के पार्षद परमानंद केशरी ने बताया कि दक्षिण मुहल्ला स्थित अति प्राचीन दुर्गा मंदिर में श्रद्धालु माता को सोने और चांदी के आभूषण चढ़ाते हैं. चोर सोने की हार, नथिया, मांगटीका, कान की बाली, झुमका और चांदी का मुकुट समेत करीब 15 लाख रुपये के गहने चोरी कर ले गए. सुबह लोगों के जागने के बाद घटना की जानकारी हुई.

सीसीटीवी बंद होने का चोरों ने उठाया फायदा

वार्ड पार्षद के अनुसार, मंदिर में कुछ साल पहले भी चोरी की घटना हुई थी. इसके बाद मुहल्ले में सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग नगर पर्षद से की गयी थी. नगर पर्षद की ओर से कैमरे लगाए भी गए, लेकिन फिलहाल सभी कैमरे बंद हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि चोरों ने इसी का फायदा उठाकर मंदिर को निशाना बनाया.

पहले पड़ोस के घरों के दरवाजे किए बंद

मंदिर के सामने रहने वाले मन्नू गुप्ता ने बताया कि वह रात करीब दो बजे तक जगे हुए थे. उस समय मंदिर सुरक्षित था. उनके अनुसार, रात ढाई से तीन बजे के बीच चोरी की घटना को अंजाम दिया गया. चोरों ने वारदात से पहले मंदिर से सटे आसपास के घरों के बाहरी दरवाजों को रस्सी से बांध दिया था, ताकि लोग बाहर नहीं निकल सकें.

नशे के कारोबार को लेकर भी उठे सवाल

मन्नू गुप्ता ने वार्ड संख्या 24 और 25 सहित दक्षिण मुहल्ला और पूरब मुहल्ला में नशे के सामान की बिक्री का आरोप लगाया. उनका कहना है कि पुलिस प्रशासन को इसकी सूचना दिए जाने के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही है. वार्ड पार्षद परमानंद केशरी ने भी आरोप लगाया कि भभुआ थानाध्यक्ष सहित अधिकारियों को नशे के कारोबार की जानकारी दिए जाने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से ऐसे लोगों का मनोबल बढ़ा हुआ है.

पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया

घटना की जानकारी मिलते ही भभुआ थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने संदेह के आधार पर एक युवक को हिरासत में लिया है. उससे पूछताछ की जा रही है. पुलिस आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटा रही है और चोरी की घटना से जुड़े सुराग तलाश रही है.

जल्द खुलासा करने का पुलिस का दावा

भभुआ थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि दक्षिण मुहल्ला स्थित दुर्गा मंदिर में हुई चोरी की घटना की गहनता से जांच की जा रही है. संदेह के आधार पर एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरी की इस घटना का खुलासा किया जाएगा.

ALSO READ : रोहतास: करगहर की शालू सिंह ने गतका में हासिल किया राष्ट्रीय चैंपियनशिप का टिकट

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अमित कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >