भभुआ में आधुनिक मल्टी जिम का उद्घाटन, अब खिलाड़ियों और युवाओं को मिलेंगी हाईटेक फिटनेस सुविधाएं

भभुआ शहर में मुख्यमंत्री खेल विकास योजना के तहत एक आधुनिक मल्टी जिम का शुभारंभ किया गया है. यह जिम अब आम लोगों और खिलाड़ियों के लिए खोल दिया गया है, जो उन्हें बेहतर खेल सुविधाएं प्रदान करेगा.

Bhabua Multi Gym Inauguration : कैमूर के भभुआ शहर में मुख्यमंत्री खेल विकास योजना के तहत स्थापित आधुनिक मल्टी जिम का शुक्रवार को शुभारंभ कर दिया गया. वार्ड संख्या सात स्थित पुराने प्रखंड कार्यालय परिसर में बने इस जिम का उद्घाटन स्थानीय विधायक भरत बिंद ने फीता काटकर किया. उद्घाटन के साथ ही मल्टी जिम आम लोगों और खिलाड़ियों के लिए खोल दिया गया.

kaimur News : युवाओं को आधुनिक खेल सुविधाएं देने की पहल

उद्घाटन के अवसर पर विधायक भरत बिंद ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने और उन्हें आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है. उन्होंने कहा कि इस मल्टी जिम के शुरू होने से खिलाड़ियों और युवाओं को आधुनिक उपकरणों के साथ नियमित अभ्यास करने का अवसर मिलेगा.

स्वस्थ समाज के लिए खेल जरूरी

विधायक ने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ समाज के निर्माण में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है. उन्होंने युवाओं से नियमित व्यायाम करने और खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की.

जनप्रतिनिधि और अधिकारियों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त दिव्य शक्ति, भभुआ एसडीएम अमित कुमार, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी संजय उपाध्याय, जिला खेल पदाधिकारी ओम प्रकाश, नगर परिषद अध्यक्ष रविता पटेल, जदयू जिलाध्यक्ष अजय पटेल, लोजपा (आर) जिलाध्यक्ष गजेंद्र गुप्ता, नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि मंटू सिंह, सिटी मैनेजर सोनू सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी, खेल प्रेमी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे.

आधुनिक उपकरणों का किया निरीक्षण

उद्घाटन समारोह के दौरान अतिथियों ने मल्टी जिम में लगाए गए आधुनिक व्यायाम उपकरणों का निरीक्षण किया. उन्होंने जिम के बेहतर रखरखाव और अधिक से अधिक युवाओं को इसका लाभ दिलाने पर जोर दिया. उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री खेल विकास योजना की सराहना करते हुए कहा कि इससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं मिलेंगी.

शुक्रवार से आम लोगों के लिए शुरू हुई सुविधा

उद्घाटन के साथ ही आधुनिक मल्टी जिम को शुक्रवार से खिलाड़ियों और आम नागरिकों के उपयोग के लिए खोल दिया गया है. इससे फिटनेस के प्रति जागरूक युवाओं और खेल प्रतिभाओं को अपने ही शहर में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Amit Sinha

Published by: Vivek Singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >