Kaimur News : (रंजय जायसवाल) कैमूर जिले के रामगढ़ प्रखंड में गुरुवार की सुबह बकरीद का पर्व भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया गया. थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में स्थित ईदगाहों और मस्जिदों में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने नमाज अदा कर देश में अमन-चैन, खुशहाली और तरक्की की दुआ मांगी.
नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी और आपसी प्रेम एवं भाईचारे का संदेश दिया. पर्व को लेकर सुबह से ही पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला. नए कपड़ों में बच्चे, युवा और बुजुर्ग ईदगाहों और मस्जिदों की ओर जाते नजर आए.
नमाज के दौरान लोगों ने पुराने गिले-शिकवे भुलाकर एक-दूसरे को गले लगाया और पर्व की खुशियां साझा कीं.
प्रशासन रहा पूरी तरह मुस्तैद
बकरीद को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में रहा. विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए थानाध्यक्ष हरि प्रसाद शर्मा और बीडीओ जितेंद्र कुमार के साथ पुलिस बल लगातार क्षेत्र में भ्रमण करता रहा.
अधिकारियों ने डरवन, सिसौड़ा, रामगढ़, बड़ौरा, दरौली सहित विभिन्न गांवों की मस्जिदों और ईदगाहों में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई.
प्रशासन की सतर्कता के कारण पूरा क्षेत्र शांतिपूर्ण वातावरण में रहा. नमाज समाप्त होने तक पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की गाड़ियां लगातार गश्त करती रहीं.
Also Read: रामगढ़ में 29 मई से बिहार-यूपी की 7 टीमों के बीच हॉकी टूर्नामेंट, 31 मई को महिला खिलाड़ियों का मैच
