Kaimur News : कैमूर के वन प्रमंडल पदाधिकारी संजीव रंजन ने सोशल मीडिया के माध्यम से एक वीडियो जारी कर मानसून के दौरान कैमूर के जलप्रपातों पर आने वाले पर्यटकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है. उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में झरनों में अचानक पानी का बहाव बढ़ जाता है और चट्टानों पर फिसलन भी बढ़ जाती है. ऐसे में जलप्रपातों में उतरना जानलेवा साबित हो सकता है.
जलप्रपातों में न उतरें, दूर से लें प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद
डीएफओ संजीव रंजन ने कहा कि यदि पर्यटक कैमूर की खूबसूरत वादियों और जलप्रपातों का आनंद लेने पहुंच रहे हैं, तो वे झरनों में नहाने या पानी में उतरने से बचें. मानसून के दौरान अचानक जलस्तर बढ़ने और फिसलन के कारण डूबने या हादसे की आशंका बनी रहती है. इसलिए सुरक्षित दूरी से प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लें.
जंगलों में प्लास्टिक और गंदगी फैलाने से बचें
वन प्रमंडल पदाधिकारी ने पर्यटकों से जंगलों को स्वच्छ रखने की भी अपील की. उन्होंने कहा कि वन क्षेत्रों में प्लास्टिक ले जाने पर प्रतिबंध है और चेकपोस्ट पर इसकी जांच की जाती है. यदि कोई खाने-पीने का सामान लेकर जाता है, तो उसका बचा हुआ कचरा वापस अपने साथ लेकर लौटें और जंगल में किसी तरह की गंदगी न फैलाएं.
वन विभाग की गाइडलाइन का करें पालन
डीएफओ ने कहा कि पर्यटक अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता दें. वन विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए ही कैमूर की प्राकृतिक वादियों और जलप्रपातों का आनंद लें, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके.
