अस्पताल में महिला की गोली मारकर हत्या की सूचना से गांव में पसरा मातम मिलनसार स्वभाव के कारण शव आने पर ग्रामीणों की उमड़ी भीड़ चैनपुर. थाना क्षेत्र के बढ़ौना गांव की एक महिला की उत्तर प्रदेश के चंदौली स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान गोली मारकर हत्या सोमवार की शाम कर दी गयी थी. इस वारदात की सूचना पर पूरे गांव में मातम पसर गया. मृतका की पहचान बढ़ौना गांव निवासी विदेशी राम की 56 वर्षीय पत्नी लक्ष्मीना देवी के रूप में हुई है. पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव पहुंचा, तो उन्हें देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाने लगे. परिजनों के अनुसार, लक्ष्मीना देवी का पैर फ्रैक्चर हो गया था, जिसके इलाज के लिए उन्हें चंदौली के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया था. मृतका के पुत्र भूपेंद्र कुमार ने बताया कि सोमवार को उनकी मां का ऑपरेशन हुआ था और वह वार्ड में बेड पर आराम कर रही थीं. इसी दौरान लाल गमछे से पगड़ी बांधे एक व्यक्ति अस्पताल के अंदर घुस आया. उसने अचानक उनकी मां को निशाना बनाते हुए गोली चला दी. गोली लगते ही लक्ष्मीना देवी की मौके पर ही मौत हो गयी. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित अस्पताल से भागने लगा. इस दौरान उसने दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग भी की. हालांकि, अस्पताल में मौजूद लोगों और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. पकड़े गये आरोपित की पहचान पंजाब निवासी गुरप्रीत के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि आरोपी गुरप्रीत एक साइको किलर था और बीते 24 घंटे के दौरान उस पर तीन लोगों की हत्या करने का आरोप था. पुलिस आरोपित को लेकर घटनास्थल पर सीन रिक्रिएशन कराने पहुंची थी. इसी दौरान आरोपित ने एक सब इंस्पेक्टर की पिस्तौल छीनकर भागने का प्रयास किया. इसके बाद पुलिस और आरोपित के बीच मुठभेड़ हो गयी, जिसमें गोली लगने से गुरप्रीत की मौत हो गयी. इधर, लक्ष्मीना देवी की हत्या की खबर से बढ़ौना गांव में शोक का माहौल है. गांव पहुंचने के बाद शव को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गयी. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीणों ने बताया कि लक्ष्मीना देवी काफी मिलनसार स्वभाव की महिला थीं और गांव में सभी लोगों के साथ उनका अच्छा व्यवहार था. घटना के बाद गांव के लोग भी काफी स्तब्ध हैं.
साइको किलर की गोली की शिकार महिला का शव बढ़ौना पहुंचते ही परिजनों में मचा कोहराम
अस्पताल में महिला की गोली मारकर हत्या की सूचना से गांव में पसरा मातम
