कैमूर में आर्मी जवान को स्कॉर्पियो में जलाया, पीड़ित के बयान पर तीन गिरफ्तार

Kaimur News : कैमूर में जमीन के रुपये के लेन-देन के विवाद में आर्मी के जवान को स्कॉर्पियो में बंद कर आग लगाने की कोशिश की गई. जवान गंभीर रूप से झुलस गया है और उसका इलाज चल रहा है. पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

Kaimur News : बुधवार की अहले सुबह जमीन के रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में आर्मी के जवान शत्रुघ्न यादव को स्कॉर्पियो के अंदर बंद कर जिंदा जलाने के प्रयास का मामला सामने आया है. सहूका गांव निवासी बुल्लू यादव के पुत्र शत्रुघ्न यादव इस घटना में गंभीर रूप से झुलस गये हैं. उनका इलाज वाराणसी स्थित बीएचयू में चल रहा है. घायल जवान के फर्द बयान के आधार पर पुलिस ने रामगढ़ निवासी वीरेंद्र यादव, पिता शंभु सिंह यादव, दीपक यादव, पिता वीरेंद्र सिंह और ब्रजेश यादव, पिता हृदयनारायण सिंह को गिरफ्तार किया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

जमीन खरीदने के नाम पर रुपये लेने को लेकर चल रहा था विवाद

घायल जवान ने वाराणसी में पुलिस को दिये फर्द बयान में बताया कि वाराणसी में जमीन खरीदने के नाम पर आरोपितों द्वारा उससे रुपये लिये गये थे. काफी समय बीत जाने के बाद भी जमीन नहीं मिलने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था. जवान के अनुसार, इसी विवाद को लेकर मंगलवार की सुबह उसे घर पर बुलाया गया. वहां से उसे स्कॉर्पियो में बैठाया गया और चार लोगों ने वाहन के अंदर बंद कर आग लगाने का प्रयास किया.

शीशा तोड़कर वाहन से निकला जवान, कीचड़ में बुझायी आग

जवान के मुताबिक, स्कॉर्पियो में आग लगने के बाद उसने किसी तरह वाहन का शीशा तोड़ा और बाहर निकलकर भागा. शरीर में लगी आग को पास के कीचड़ में लोटकर बुझाया. इसके बाद किसी तरह वह अपने घर पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी. गंभीर रूप से झुलसे जवान को इलाज के लिए वाराणसी स्थित बीएचयू ले जाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है.

जली स्कॉर्पियो लेकर थाना पहुंचे तीन आरोपित

इधर, मंगलवार की सुबह तीनों आरोपित कथित रूप से जली हुई स्कॉर्पियो लेकर रामगढ़ थाने पहुंचे और घटना के संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराने का प्रयास किया. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए घायल जवान के बयान को आधार बनाया और तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया.

अस्पताल में इलाजरत जवान की तस्वीर

रुपये के लेनदेन को लेकर था दोनों पक्षों में विवाद : एसपी

घटना के संबंध में जिले के एसपी शिखर चौधरी ने बताया कि मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है. रुपये के लेनदेन को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था. पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है.

Also Read : बक्सर में वित्त रहित कर्मियों को वेतनमान देने की घोषणा पर नवल किशोर यादव सम्मानित

सीसीटीवी फुटेज में दीवार के सहारे घर में घुसता दिखा जवान

थानाध्यक्ष सुमित कुमार ने बताया कि पुलिस को घटना से संबंधित एक सीसीटीवी फुटेज मिला है. इसमें आर्मी का जवान दीवार के सहारे घर में प्रवेश करने का प्रयास करता दिखाई दे रहा है. घटना की सूचना घायल जवान की पत्नी ने डायल-112 पर दी थी.

थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है. घटनास्थल और आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं. साक्ष्य जुटाने के लिए जिले से एफएसएल की टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया है. टीम घटनास्थल की बारीकी से जांच कर साक्ष्य एकत्र कर रही है.

Also Read : बक्सर में दाखिल-खारिज के नाम पर अवैध वसूली का आरोप, राजस्व कर्मचारी के बेटों पर मोबाइल तोड़ने का भी आरोप

जली स्कॉर्पियो और सीसीटीवी से घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही पुलिस

पुलिस अब जली हुई स्कॉर्पियो, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और घायल जवान के बयान के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है. जमीन की खरीद के लिए दिये गये रुपये, दोनों पक्षों के बीच पूर्व से चल रहे विवाद और घटना के समय मौजूद लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है. पुलिस सभी पहलुओं को सामने रखकर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है.

Also Read : बक्सर में घटने लगा गंगा जी का जलस्तर, खतरे के निशान से 46 सेंटीमीटर नीचे पहुंचा पानी

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विकास कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >