कैमूर: अमांव गांव की दो बड़ी समस्याएं मंत्री के सामने पहुंचीं, उर्दू स्कूल में कमरों की कमी और गंदे पोखरे से ग्रामीण परेशान

अमांव गांव के मुखिया प्रतिनिधि और ग्रामीणों ने मंत्री मो. जमा खान से मिलकर स्कूल में कमरों की कमी और गंदे पोखरे की समस्या के समाधान की मांग की है।

Kaimur News : कैमूर जिला के रामपुर प्रखंड के अमांव पंचायत स्थित अमांव गांव की समस्याओं को लेकर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि संजय राम और ग्रामीण मैनुद्दीन अंसारी ने बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मो. जमा खान से मुलाकात की. दोनों ने चैनपुर के नौघड़ा गांव स्थित मंत्री के आवास पर आयोजित जनसुनवाई में आवेदन देकर गांव की समस्याओं से अवगत कराया.

तीन कमरों में चल रही कक्षा एक से आठ तक की पढ़ाई

मुखिया प्रतिनिधि संजय राम ने बताया कि अमांव गांव के उर्दू उत्क्रमित मध्य विद्यालय में महज तीन कमरे और एक बरामदा है. इन्हीं कमरों में कक्षा एक से आठ तक के बच्चों की पढ़ाई संचालित हो रही है. कमरों की कमी के कारण विद्यार्थियों को बैठने और पढ़ाई करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने मंत्री को आवेदन देकर विद्यालय का निरीक्षण कराने और अतिरिक्त कमरों का निर्माण कराने की मांग की.

मस्जिद के पास गंदे पोखरे से फैल रही दुर्गंध

ग्रामीण मैनुद्दीन अंसारी ने मस्जिद के पास स्थित पोखरे की समस्या भी मंत्री के सामने रखी. उन्होंने बताया कि गांव की नालियों का गंदा पानी सीधे पोखरे में गिर रहा है, जिससे पानी प्रदूषित हो गया है और आसपास हमेशा दुर्गंध बनी रहती है. ग्रामीणों के अनुसार, गंदगी के कारण बीमारी फैलने का खतरा भी बना हुआ है.

नया नाला बनाने की मांग

ग्रामीणों ने पोखरे की सफाई कराने और नालियों के गंदे पानी को पोखरे में गिरने से रोकने की मांग की है. इसके लिए नया नाला बनाकर गंदे पानी की निकासी दूसरी जगह करने का सुझाव दिया गया, ताकि गांव में स्वच्छता बनी रहे और लोगों को बीमारियों के खतरे से बचाया जा सके.

मंत्री ने कार्रवाई का दिया भरोसा

मंत्री मो. जमा खान ने दोनों को सीओ और बीडीओ से मिलकर समस्याओं की जानकारी देने को कहा. उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले को गंभीरता से सुना जायेगा और समस्याओं के समाधान के लिए उचित कार्रवाई की जायेगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Raju kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >