कैमूर प्रेम प्रसंग में रची खौफनाक साजिश, अखिनी हत्याकांड का पांचवां आरोपित भी गिरफ्तार

अखिनी हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पांचवें आरोपी शौकत अली की गिरफ्तारी के साथ ही सभी पांचों आरोपी अब पुलिस की गिरफ्त में हैं।

Kaimur News : कैमूर जिले के चर्चित अखिनी निर्मम हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए पांचवें और अंतिम नामजद आरोपित शौकत अली को भी गिरफ्तार कर लिया है. गुरुवार की देर रात अनुमंडल पुलिस टीम ने अखिनी गांव में छापेमारी कर उसे दबोचा. इसके साथ ही मामले में नामजद सभी पांच आरोपित पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं. हालांकि हत्या में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी अब भी पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई है.

चार आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद पांचवें पर कसा शिकंजा

इससे पहले पुलिस ने नौशाद खां उर्फ सोनू खां, मारकंडेय मल्लाह, अमित कुमार और चंपा देवी उर्फ पिंकी देवी को गिरफ्तार किया था. पुलिस टीम लगातार पांचवें आरोपित शौकत अली की तलाश में जुटी थी. तकनीकी निगरानी और मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर पुलिस को उसके अखिनी गांव में छिपे होने की जानकारी मिली. इसके बाद टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया.

मोबाइल बंद कर छोटे से घर में छिपा था आरोपित

इंस्पेक्टर सुनील कुमार निर्झर ने बताया कि गिरफ्तारी से बचने के लिए शौकत अली ने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया था और गांव के ही एक छोटे से घर में छिपकर रह रहा था. पुलिस उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही थी. तकनीकी निगरानी और स्थानीय स्तर से जुटाई गई सूचना के आधार पर उसकी गिरफ्तारी संभव हुई.

हत्या में इस्तेमाल हथियार की तलाश जारी

पुलिस के अनुसार सभी आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद अब हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है. आरोपितों की निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि हथियार की बरामदगी से मामले की जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य मिल सकते हैं.

सिर और धड़ अलग-अलग स्थानों से हुआ था बरामद

अखिनी गांव निवासी रविंद्र कुमार की निर्मम हत्या के बाद उसका सिर और धड़ अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया गया था. गांव के समीप से सिर बरामद हुआ था, जबकि धड़ दूसरे स्थान से मिला था. घटना की भयावहता से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी. घटनास्थल पर शव देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और महिलाएं जुटी थीं.

प्रेम प्रसंग को लेकर रची गई थी हत्या की साजिश

पुलिस जांच में अब तक सामने आए तथ्यों के अनुसार, हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग मुख्य वजह बताई जा रही है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कोविड लॉकडाउन के दौरान मुंबई से गांव लौटने के बाद रविंद्र टेलरिंग का काम करने लगा था. इसी दौरान उसका गांव की एक महिला से प्रेम संबंध हो गया. बाद में परिजनों ने उसे नुआंव बाजार में सिलाई की दुकान खुलवा दी, लेकिन महिला से उसका संपर्क बना रहा.

चेतावनी के बाद भी नहीं टूटा संबंध, फिर कर दी हत्या

जांच के अनुसार, घटना से कुछ दिन पहले रविंद्र को महिला से दूरी बनाने की चेतावनी दी गई थी. उसे संबंध खत्म नहीं करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की बात कही गई थी. इसके बावजूद दोनों के बीच संपर्क जारी रहा. पुलिस के अनुसार, इसी विवाद को लेकर आरोपितों ने कथित तौर पर साजिश रचकर रविंद्र की हत्या कर दी और पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vikash kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >