कैमूर में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से पशुपालक की मौत, मवेशी चराने के दौरान हुआ हादसा

Kaimur News : कैमूर जिले के अधौरा थाना क्षेत्र में एक दुखद घटना सामने आई है, जहां आकाशीय बिजली गिरने से एक पशुपालक की जान चली गई. यह हादसा मवेशी चराने के दौरान हुआ जब वे बारिश से बचने के लिए एक पेड़ के नीचे खड़े थे.

Kaimur News : जिले के अधौरा थाना क्षेत्र के बंधा टू गांव में मंगलवार की देर शाम आकाशीय बिजली गिरने से एक पशुपालक की मौत हो गई. मवेशी चराने के दौरान तेज बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े हुए पशुपालक पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गए. इलाज के लिए भभुआ सदर अस्पताल लाए जाने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

मवेशी चराने के दौरान हुआ हादसा

मृतक की पहचान अधौरा थाना क्षेत्र के बंधा टू गांव निवासी स्वर्गीय भरत तुरिया के 53 वर्षीय पुत्र शिवसागर तुरिया के रूप में हुई है. मृतक के पुत्र रघुनाथ तुरिया ने बताया कि मंगलवार की देर शाम उनके पिता गांव के उत्तर दिशा में मवेशी चराने गए थे.

बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे रुके, तभी गिरी बिजली

रघुनाथ तुरिया के अनुसार, शाम करीब 7:30 बजे तेज बारिश शुरू हो गई. बारिश से बचने के लिए शिवसागर तुरिया मवेशियों के साथ एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए. इसी दौरान तेज गर्जना के साथ पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए.

अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मौत

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे तथा घायल पशुपालक को इलाज के लिए अधौरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए भभुआ सदर अस्पताल रेफर कर दिया. सदर अस्पताल में इमरजेंसी में तैनात डॉ. कमलेश प्रसाद ने जांच के बाद शिवसागर तुरिया को मृत घोषित कर दिया.

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव

मौत की सूचना मिलने के बाद अस्पताल प्रशासन ने भभुआ थाना पुलिस को जानकारी दी. बुधवार सुबह पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पंचनामा कराया. इसके बाद पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया. घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

Also Read : नवादा में कुर्की-जब्ती करने पहुंची पुलिस के सामने नशे में पहुंचा फरार वारंटी, गिरफ्तार



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Vinod kumar singh

Published by: Yuvraj Ratan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >