Kaimur News : अवैध शराब के विरुद्ध छापेमारी और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाये जा रहे अभियान के दौरान भभुआ थाना पुलिस ने एक वारंटी को देशी कट्टा के साथ गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान मनिहारी गांव निवासी पप्पू बिन्द, पिता स्व. विश्वनाथ बिन्द के रूप में हुई है.
पुलिस को देखकर भागने लगा, पीछा कर पकड़ा
पुलिस के अनुसार, पुलिस अवर निरीक्षक जय प्रकाश पूर्वे के नेतृत्व में पुलिस अवर निरीक्षक संतोष पासवान और महिला सिपाही के साथ पुलिस टीम बुधवार की रात वारंटियों के घर छापेमारी कर रही थी. इसी क्रम में टीम मनिहारी गांव स्थित पप्पू बिन्द के घर पहुंची और विधिवत छापेमारी शुरू की. पुलिस बल को देखते ही एक व्यक्ति भागने लगा. पुलिस टीम ने पीछा कर घेराबंदी की और उसे पकड़ लिया.
तलाशी के दौरान अंडरवियर से बरामद हुआ देशी कट्टा
पूछताछ में पकड़े गये व्यक्ति ने अपना नाम पप्पू बिन्द बताया. उसके पास हथियार होने का संदेह होने पर पुलिस ने तलाशी के लिए स्वतंत्र गवाह की तलाश की, लेकिन देर रात होने के कारण कोई स्वतंत्र गवाह नहीं मिल सका. इसके बाद पुलिस टीम में शामिल पुलिस अवर निरीक्षक संतोष पासवान और महिला सिपाही ने उसकी तलाशी ली.
तलाशी के दौरान पप्पू बिन्द के अंडरवियर के अंदर से एक देशी कट्टा बरामद हुआ. हथियार के संबंध में पूछताछ करने पर उसने पुलिस को बताया कि कट्टा उसका है और वह काफी समय से इसे अपने पास रखे हुए था. हालांकि, हथियार कहां से प्राप्त किया गया, इस संबंध में वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका.
Also Read : बक्सर DEO कार्यालय में निजी व्यक्तियों के हस्तक्षेप पर फिर उठा सवाल, RDDE ने DM से कार्रवाई की मांग की
देशी कट्टा जब्त कर वारंटी को किया गिरफ्तार
पुलिस ने दोनों साक्षियों की मौजूदगी में बरामद देशी कट्टा विधिवत जब्त कर जब्ती सूची तैयार की. इसके बाद वारंटी पप्पू बिन्द को गिरफ्तारी का कारण बताते हुए विधिवत गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने उसके परिजनों को भी गिरफ्तारी की सूचना दी.
Also Read : बक्सर में आयोजित विज्ञान संगोष्ठी में छात्रों ने ऊर्जा के भविष्य पर रखे विचार, क्षमा कुमारी रहीं प्रथम
न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई
गिरफ्तार पप्पू बिन्द को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई पुलिस द्वारा की जा रही है. पुलिस के अनुसार, वारंटियों की गिरफ्तारी और अवैध शराब के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा.
Also Read : बक्सर के 19 पंचायतों में इबी गणना का काम पूरा, अब परिसीमन से बदलेंगे पंचायतों के समीकरण
