भभुआ नगर. वनवासियों के छात्र-छात्राओं को स्नातक की पढ़ाई करने के लिए अब अपना घर नहीं छोड़ना पड़ेगा. स्नातक तक की पढ़ाई की सुविधा प्रखंड मुख्यालय में ही मिलेगी. ये बातें मंगलवार को प्रगति यात्रा के दौरान कैमूर जिले के अधौरा प्रखंड में पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने डिग्री कॉलेज के लिए चिह्नित भूमि के अवलोकन के दौरान कहीं. इसके बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि जल्द ही स्नातक तक की पढ़ाई के लिए अधौरा प्रखंड मुख्यालय के छात्र-छात्राओं को कहीं नहीं जाना पड़ेगा. प्रखंड मुख्यालय में ही डिग्री कॉलेज खोला जायेगा. गौरतलब है कि छात्र-छात्राओं को पंचायत स्तर पर ही इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की सुविधा मिले, इसके लिए जिले की सभी पंचायतों में प्लस टू हाइस्कूल सरकार द्वारा स्थापित कर दी गयी है. साथ ही सभी प्लस टू विद्यालयों में इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई भी प्रारंभ हो गयी है, ताकि इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई के लिए छात्र-छात्राओं को कहीं भटकना न पड़े. लेकिन, इंटरमीडिएट की पढ़ाई के बाद जिले के कई प्रखंडों के छात्र-छात्राओं को स्नातक की पढ़ाई के लिए कहीं दूर दूसरे प्रखंड, जिला मुख्यालय या जिले से बाहर दूसरे राज्य जाना पड़ता है. यानी इंटर तक की पढ़ाई घर से करने के बाद स्नातक की पढ़ाई करने के लिए छात्र-छात्राओं को घर छोड़ कर किराये पर मकान लेकर या रिश्तेदारी में रहकर स्नातक तक की पढ़ाई करनी पड़ती है. खासकर जिले के लाल गलियारे में बसे अधौरा प्रखंड के छात्र-छात्राओं को तो स्नातक की पढ़ाई करने के लिए 60 से 70 किलोमीटर तक का सफर तय करना पड़ता है. या जिले के सटे उत्तर प्रदेश मध्य प्रदेश एवं झारखंड के विभिन्न महाविद्यालय में नामांकन कराकर स्नातक की पढ़ाई पूरी करनी पड़ती है. लेकिन, लाल गलियारे में मुख्यमंत्री द्वारा डिग्री कॉलेज निर्माण के लिए शिलान्यास हो जाने के बाद अधौरा प्रखंड क्षेत्र के साथ साथ उत्तर प्रदेश के अधौरा से सटे हुए गांव के छात्र छात्राओं को काफी सहूलियत मिलेगी.
51 गांवों की पानी की समस्या होगी दूर, सोन नदी से लिफ्ट कर गांव तक पहुंचाया जायेगा पीने का पानी
प्रगति यात्रा के दौरान अधौरा प्रखंड मुख्यालय पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि अब अधौरा प्रखंड मुख्यालय में स्थित 51 गांवों की लोगों की पीने के पानी की समस्या दूर हो जायेगी. सोन नदी से लिफ्ट कर पानी अधौरा प्रखंड के विभिन्न गांवों में पहुंचाया जायेगा. जहां लोक स्वास्थ्य प्रमंडल विभाग द्वारा स्टॉल लगाकर सोन नदी से पानी लिफ्ट कर अधौरा प्रखंड क्षेत्र में पहुंचाने के लिए स्टॉल बनाकर लगाये गये प्रारूप के अवलोकन के दौरान मुख्यमंत्री ने कही.
नवनिर्मित पीएचसी का मुख्यमंत्री ने किया उद्घाटन
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भवन निर्माण विभाग द्वारा करोड़ों रुपये की लागत से बनाये गये नवनिर्मित पीएचसी भवन का उद्घाटन किया. उद्घाटन के उपरांत मुख्यमंत्री ने अस्पताल का निरीक्षण किया एवं मरीजों के लिए उपलब्ध करायी गयीं दवाएं व अन्य व्यवस्था के बारे में जानकारी प्राप्त की.स्टेडियम का किया उद्घाटन, खिलाड़ियों से किया परिचय प्राप्त
खेल विकास योजना के तहत अधौरा प्रखंड मुख्यालय में निर्माण कराए गए फुटबॉल खेल स्टेडियम का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उद्घाटन किया एवं खेल मैदान का निरीक्षण किया. साथ ही निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने फुटबॉल मैच के लिए उपस्थित खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया.वन विभाग, पीएचइडी एवं बिजली विभाग द्वारा लगाये गये स्टॉल का मुख्यमंत्री ने किया अवलोकन
प्रगति यात्रा के दौरान अधौरा प्रखंड मुख्यालय पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने फुटबॉल खेल स्टेडियम को उद्घाटन के बाद वन विभाग पीएचइडी एवं बिजली विभाग द्वारा लगाये गये स्टॉल का अवलोकन किया. इस दौरान मुख्यमंत्री ने छह जीविका दीदियों को मुख्यमंत्री निजी अन्य पौधशाला योजना के तहत प्रति दीदी को 140000 का चेक दिया. इसके साथ ही जनजाति महिलाओं को सर्वप्रथम पानी दूर से नहीं लाना पड़े, इसके लिए पांच महिलाओं को वाटर बेलो बिल दिया गया, जहां एक वाटर बेलो बिल में 40 लीटर पानी लाने की क्षमता है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
