मरहिया गांव के समीप 300 फुट तक सड़क जर्जर, राहगीर परेशान जलजमाव व कीचड़ के बीच हिचकोले खाते गुजर रहे स्कूली वाहन दुर्गावती. स्थानीय प्रखंड क्षेत्र से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-19 की सर्विस सड़क पर जगह-जगह उभरे गड्ढे व बिखरी गिट्टियां आवागमन में परेशानी का सबब बनी हुई हैं. इन दिनों मरहिया गांव के सामने सर्विस सड़क का हाल सबसे बुरा है. यहां उभरे गड्ढों के बीच से वाहन हिचकोले खाते हुए गुजरते हैं, जिससे वाहन चालकों का सफर मुश्किलों भरा हो गया है. गौरतलब है कि पिछले दिनों हुई बारिश के दौरान उचित रखरखाव व देखरेख के अभाव में मुख्य मार्ग की सर्विस सड़क की हालत काफी खराब हो गयी है. जानकारी के अनुसार, मरहिया गांव के सामने लगभग तीन सौ फुट तक सड़क पर गहरे गड्ढे व गिट्टियां उभर आयी हैं. नतीजा यह है कि यहां से गुजरते समय वाहनों का संतुलन बिगड़ जाता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यह केवल संयोग है कि अब तक कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ है, लेकिन यदि सड़क में सुधार नहीं हुआ तो किसी भी समय बड़ी दुर्घटना हो सकती है. क्षेत्रीय जनों में शामिल गुड्डू यादव, सिपाही राम, अश्विनी दुबे व अफसर फारुकी ने बताया कि बारिश के समय यहां वाहन अक्सर फंस जाते हैं. बड़े वाहनों के साथ-साथ ऑटो रिक्शा चालकों के लिए यह जगह सबसे बड़ी मुसीबत बन गयी है. सड़क के बगल में नाला तो बना है, लेकिन सड़क समतल नहीं होने के कारण गड्ढों में भरा पानी नहीं निकल पाता है, जिसे सूखने में हफ्तों लग जाते हैं. पिछले दिनों हुई बारिश का पानी अभी भी इन गड्ढों में भरा हुआ है. इस रास्ते से स्कूली वाहनों का आवागमन भी सर्वाधिक होता है, जिससे बच्चों की सुरक्षा पर खतरा बना रहता है. स्थानीय लोगों ने समाचार पत्रों के माध्यम से एनएचएआइ का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया है व सड़क की तत्काल मरम्मत की मांग की है.
एनएच-19 पर उभरे गड्ढे व बिखरी गिट्टियां दे रहीं हादसों को न्योता
मरहिया गांव के समीप 300 फुट तक सड़क जर्जर, राहगीर परेशान
