अखलासपुर पंचायत भवन में हुआ विधिक जागरूकता कार्यक्रम नि:शुल्क कानूनी सहायता व सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर भभुआ सदर. भभुआ प्रखंड के अखलासपुर पंचायत भवन में रविवार को जिला व सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश पर एक विशेष विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार की महत्वाकांक्षी योजना ”सितारा” (उभयलिंगी व्यक्तियों का एकीकरण, पुनर्वास व न्याय तक पहुंच प्रदान करने की योजना) के तहत आयोजित किया गया. कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ट्रांसजेंडर समुदाय को उनके कानूनी अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं व न्याय तक आसान पहुंच के बारे में जागरूक करना था. इस शिविर का संचालन व मार्गदर्शन जिला विधिक सेवा प्राधिकार कैमूर के प्रतिनिधिमंडल द्वारा किया गया. शिविर को संबोधित करते हुए पैनल अधिवक्ता अनिल कुमार सिंह ने बताया कि ट्रांसजेंडर समुदाय के व्यक्ति अपनी समस्याओं के समाधान हेतु जिला विधिक सेवा प्राधिकार व जिला प्रशासन के माध्यम से सहयोग प्राप्त कर सकते हैं. उन्होंने बताया कि किसी भी कानूनी विवाद या अधिकार हनन की स्थिति में जिला न्यायालय परिसर स्थित डालसा कार्यालय में आवेदन देकर निशुल्क अधिवक्ता की सेवा ली जा सकती है. इसके अलावा, प्राधिकार के सचिव या फ्रंट ऑफिस में अपनी बात सीधे रखी जा सकती है, जहां समस्याओं का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाता है. सितारा योजना के तहत विशेष कैंप लगाकर उनके पहचान पत्र बनवाये जाते हैं, जिससे उन्हें सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सके. प्राधिकार सामाजिक एकीकरण व पुनर्वास के लिए कौशल विकास व पुलिस संवेदीकरण कार्यक्रमों के जरिये एक सुरक्षित वातावरण तैयार करने में सहयोग करता है. कार्यक्रम में यह जानकारी भी दी गयी कि बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार पटना के निर्देशानुसार, राज्य भर में 4 से 8 मई तक ”सितारा सप्ताह” का आयोजन किया जायेगा. इस विशेष सप्ताह के दौरान स्वास्थ्य शिविर, कौशल विकास व सामुदायिक संवाद जैसी गतिविधियां आयोजित की जायेंगी. कार्यक्रम में पीएलवी रिंकू देवी ने प्राधिकार की कार्यप्रणाली साझा की. इस अवसर पर स्थानीय मुखिया, कैमूर किन्नर समाज के प्रतिनिधि सोनू किन्नर, मोना किन्नर व बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे. शिविर के अंत में लोगों के बीच विधिक साहित्य व पंपलेट्स का वितरण किया गया.
''सितारा'' योजना के तहत ट्रांसजेंडरों को अधिकारों के प्रति किया जागरूक
अखलासपुर पंचायत भवन में हुआ विधिक जागरूकता कार्यक्रम
