दुर्गावती/कर्मनाशा : दुर्गावती प्रखंड क्षेत्र के टियरी कल्याणपुर हाइस्कूल के प्रांगण में रविवार को शहीद इमदाद हुसैन कैनवस क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मैच गाजीपुर बनाम कमालपुर के बीच खेला गया. इसमें कमालपुर की टीम को पांच विकेट से हरा कर गाजीपुर की टीम ने कप पर कब्जा जमाया. फाइनल मैच का शुभारंभ मुख्य अतिथि रामगढ़ विधायक अशोक सिंह ने फीता काट कर किया. तत्पश्चात मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया. मैच शुरू होने से पहले आयोजकों द्वारा तिरंगा झंडा ग्राउंड में लहराया गया. मैच में कमालपुर की टीम ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया.
कमालपुर की टीम 20 ओवर के खेल में 126 रन बना कर ऑल आउट हो गयी. जवाब में उत्तरी गाजीपुर की टीम ने 16 ओवर में पांच विकेट खोकर 127 रन बना कर कप पर कब्जा जमा लिया. आयोजकों द्वारा मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार स्टैंड पंखा गाजीपुर के खिलाड़ी टोनी सिंह को दिया गया. मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार कमालपुर टीम के उपेंद्र राय को एलसीडी टीवी दिया गया. समापन समारोह के मुख्य अतिथि विधायक अशोक सिंह द्वारा विजेता टीम को कप प्रदान कर हौसला बढ़ाया गया.
मौके पर विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों में प्रतिभा की कमी नहीं है. बस इन्हें समय-समय पर निखारने की जरूरत है. आगे चल कर यही खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर व गावस्कर बन कर देश व प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं. इस दौरान मुखिया संजय सिंह, दीपक सिंह, कर्मुउल्ला खान, सजीवन साह, सुजीत सिंह, विजय शंकर सिंह, अभय पांडेय, निर्मल सिंह, नौशाद अली, देवलाल चौधरी, जिला पार्षद मिथिलेश पासवान व खेलप्रेमी मौजूद थे.
