अनदेखी. शुद्ध पानी मुहैया कराने में ‘तकनीकी गड़बड़ी’
हाल भभुआ रोड रेलवे स्टेशन का
मोहनिया (शहर) : गया-मुगलसराय रेलखंड के भभुआ रोड स्टेशन पर रेलवे की ओर से यात्रियों को सस्ते मूल्यों पर पानी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्लेटफाॅर्म नंबर एक व तीन पर वाटर बेंडिंग मशीन लगायी गयी है, जिसमें तकनीकी खराबी के कारण ये पिछले लगभग 15 दिन से बंद है.
इससे यात्रियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. गौरतलब है कि पिछले माह ही रेलवे द्वारा भभुआ रोड स्टेशन के प्लेटफाॅर्म एक व तीन पर दो वेंडिंग मशीन लगायी गयी थी, जो कुछ दिन ही चली. फिलहाल मशीन बंद है, जिससे यात्री परेशान हैं. रेलवे द्वारा जब प्लेटफाॅर्मों पर दो वाटर वेंडिंग मशीन लगाने का फैसला किया गया था, तब यात्रियों में काफी खुशी देखने को मिली थी. लगा कि अब सस्ते में आरओ का पानी स्टेशन पर मिलेगा.
लेकिन, मशीन सही ढंग से कार्य नहीं करने के कारण लोगों के आस पर पानी फिर गया है. रेलवे विभाग के आइआरसीटीसी के अंतर्गत दोनों प्लेटफॉर्मों पर आरओ का शुद्ध पानी मुहैया कराने के लिए दो वेंडिंग मशीन लगायी गयी है. यात्रियों को मशीन शुरू हो जाने के बाद एक रुपया से लेकर 25 रुपये तक शुद्ध आरओ का पानी मिल रहा था. इसमें यदि यात्री अपने बरतन में पानी लेते थे तो काफी सस्ता पड़ता था, जबकि बोतल के साथ लेने पर बोतल का अलग से खर्च देना पड़ता था. यह सुविधा को लोग रेलवे द्वारा नये साल के तोहफा के रूप में देख रहे थे.
रोजाना एक हजार से अधिक यात्री करते हैं सफर
भभुआ रोड स्टेशन कैमूर जिला का एक बड़ा स्टेशन है. इस स्टेशन को बी ग्रेड का दर्जा प्राप्त है. इस स्टेशन पर प्रतिदिन एक हजार से अधिक यात्री यात्रा के लिए आते-जाते हैं. लेकिन रेलवे द्वारा लगाये गये वाटर वेंडिंग मशीन खराब होने के कारण यात्रियों को अधिक कीमत पर बंद बोतल खरीदना पड़ रहा है.
पहले तो केवल एक मशीन खराब थी, लेकिन इन दिनों दोनों मशीन खराब हो गयी है. इस गरमी में पानी के लिए लोग नल का सहारा ले रहे हैं, जबकि लाखों रुपये की लागत से लगाये गये आरओ मशीन शोभा की वस्तु बन कर रह गयी है. भभुआ रोड स्टेशन पर दो दर्जन से अधिक मेल व एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव है. साथ ही पटना के लिए दो इंटरसिटी ट्रेन इसी स्टेशन से खुलती है. लेकिन पिछले 15 दिनों से खराब आरओ मशीन पर अधिकारियों का कोई ध्यान नहीं है.
