बच्चों के विवाद ने पकड़ा तूल, समझौते से पहले युवक के साथ की मारपीट

मौके पर चार थानों के थानेदारों सहित डीएसपी पहुंचे मारपीट में गांव का सोनू नामक युवक जख्मी नुआंव : अखिनी गांव में रविवार की अहले सुबह दो पक्षों के विवाद में एक पक्ष ने एक युवक की पिटाई कर दी, जिसमें वह जख्मी हो गया. युवक के साथ मारपीट के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने हो […]

मौके पर चार थानों के थानेदारों सहित डीएसपी पहुंचे

मारपीट में गांव का सोनू नामक युवक जख्मी
नुआंव : अखिनी गांव में रविवार की अहले सुबह दो पक्षों के विवाद में एक पक्ष ने एक युवक की पिटाई कर दी, जिसमें वह जख्मी हो गया. युवक के साथ मारपीट के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने हो गये और बच्चों का विवाद गहराने लगा. घटना की सूचना मिलने पर तत्काल नुआंव थाने की पुलिस पहुंच कर दोनों पक्ष के लोगों को समझा-बुझा कर शांत कराया. गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए आस-पास के चार थानों की पुलिस सहित मोहनिया एसडीपीओ मनोज राम पहुंचे और गांव में शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए ग्रामीणों के साथ बैठक की. नुआंव थानाध्यक्ष ने बताया कि शनिवार को उक्त गांव में बच्चों के बीच हल्की नोकझोंक व हाथापाई हुई थी. उक्त झगड़े को लेकर रविवार की दोपहर में दोनों पक्ष के बीच समझौते का समय निर्धारित हुआ था.
इससे पहले रविवार की सुबह ही एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के एक सोनू नामक युवक के साथ मारपीट कर दी. इसमें वह जख्मी हो गया. इसके बाद दोनों पक्ष के लोग आमने-सामने हो गये. हालांकि, दोनों पक्षों के आपस में भिड़ने से पहले मौके पर पुलिस पहुंच गयी और स्थिति को नियंत्रित कर लिया. घायल सोनू नामक युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भरती कराया गया है. इधर, उक्त घटना की सूचना व गांव में तनाव की खबर पर दोनों पक्ष के लोगों व अन्य ग्रामीणों के साथ एसडीपीओ मोहनिया मनोज राम ने बैठक की और गांव में शांति व्यवस्था बनाये रखने की अपील की. साथ ही एसडीपीओ ने शांति समिति का भी गठन किया, जिसमें दोनों पक्ष के लोगों को शामिल किया गया है. गांव में आगे कोई विवाद न हो और शांति बनाये रखने के लिए मोहनिया, रामगढ़, नुआंव व कुढ़नी के थानाध्यक्ष सहित पुलिसकर्मियों की तैनाती की गयी है.
ग्रामीणों ने की स्कूल के सभी शिक्षकों के तबादले की मांग: शांति समिति की बैठक में स्कूल के प्रिंसिपल संजीव कुमार पर ग्रामीणों के रोष परवान पर थे. ग्रामीणों ने कहा कि जब शनिवार को झड़प हुई, तब इनसे कहा गया कि थाने को इसकी सूचना दीजिए, पर उन्होंने इससे परहेज किया. ग्रामीणों ने विद्यालय में शिक्षकों की हो रही गुटबाजी को देखते हुए एक स्वर में उपस्थित पदाधिकारियों से विद्यालय के सभी शिक्षकों को सामूहिक तबादले की मांग की, जिसके आलोक में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सत्य नारायण साह ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि एक माह का वक्त दीजिए, अगर शिक्षकों में सुधार नहीं हुआ तो एक माह बाद तबादले की कार्रवाई पूरी की जायेगी.
रामगढ व नुआंव पुलिस कर रही कैंप
गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए डीएसपी मनोज राम ने रामगढ़ थानाध्यक्ष इरशाद आलम व नुआंव थानाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार पासवान को दो सेक्सन फोर्स के साथ गांव में रहने का निर्देश दिया है. साथ ही उक्त विद्यालय पर एक चौकीदार की परमानेंट ड्यूटी भी तलब किये हैं. उन्होंने बताया कि अब तक दोनों पक्षों में से किसी ने आवेदन नहीं दिया है. घायल सोनू के इलाज के बाद मिलनेवाले आवेदन के आलोक में कारवाई की जायेगी. मौके पर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, देवकांत सिन्हा, बीडीओ विनोद कुमार प्रसाद, पैक्स अध्यक्ष नीरज चौबे, तंजीम अख्तर, शाहनवाज खान आदि मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >