कर्मनाशा : लूट, छिनतई व वाहनों की चोरी होने से दुर्गावती थाना क्षेत्र के लोग दहशत में हैं. अापराधिक घटनाओं पर ध्यान दें, तो मार्च माह में अब तक आधा दर्जन से ज्यादा लूट, छिनतई व वाहन चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं. अभी तक अपराधियों को पकड़ने में पुलिस सफल नहीं हो सकी है. इससे अपराधियों के हौसले बुलंद हैं.
बुधवार की रात लगभग 9.45 बजे बेखौफ अपराधियों ने खड़सरा व कोटसा गांव के बीच नहर मार्ग पर मुरगा खरीदने चंदौली यूपी जा रहे दो पिकअप को घेर कर असलहे के बल पर तीन लाख 40 हजार रुपये व तीन मोबाइल लूट लिये. लुटेरे सफेद स्वीफ्ट डिजायर कार में थे. शोर मचाने पर चालक को जान मारने की धमकी देते हुए अपराधी निकल गये.
इस मामले मे पिकअप का चालक अरविंद कुमार चौधरी ने प्राथमिकी दर्ज करायी है. अरविंद बक्सर के कुकढा का रहनेवाला है. उसके अनुसार वह बक्सर से पिकअप लेकर रामगढ़ देवहलिया होते हुए नहर पथ के रास्ते मुरगा खरीदने चंदौली जा रहा था. वाहन में 336000 रुपये व खर्च के लिए 4500 थे. दूसरे पिकअप में 2100 रुपये रखे थे. अपराधियों द्वारा सभी रुपये व तीन मोबाइल लूट लिये गये. इसके अलावा नाै मार्च की रात्रि खड़सरा गांव के समीप बदमाशों ने असलहे के बल पर रामाशीष राम की बाइक लूट ली. बाइक सवार तीन अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया था.
कल्याणपुर के पास दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने नुआंव गांव निवासी डिस्को के भाई को मारपीट कर 2000 रुपये व मोबाइल छीन कर भाग निकाले. कर्मनाशा बाजार में रूपनारायण साह के दरवाजे पर खड़े पिकअप को रात्रि में अपराधियों ने ले जाने की कोशिश की, लेकिन पिकअप को सिकड़ से बांधा गया था. इससे अपराधी वाहन को नहीं ले जा सके. इस घटना में वाहन मालिक के सीसीटीवी कैमरे में अपराधी कैद हो गये थे, लेकिन अपराधी अभी तक पुलिस की पकड़ से दूर हैं. इस तरह से क्षेत्र में लगातार घटनाओं में हो रही वृद्धि से लोग दहशत में हैं. घटनाओं पर गौर करें तो कर्मनाशा व खजुरा से दो व चार चक्का कई वाहनों को चोरों ने गायब कर दिया था. ऐसा लगता है अपराधियों को पकड़ने में पुलिस रुचि नहीं ले रही है.
क्या कहते हैं अधिकारी
खड़सरा के पास बुधवार की रात हुई घटना की प्राथमिकी दर्ज की गयी है. उसमें प्रथम दृश्या देखा जाये, तो घटना संदिग्ध है. घटनास्थल पर किसी भी व्यक्ति ने नहीं बताया कि इस तरह की घटना घटी है.
दूसरी तरफ पिकअप चालक द्वारा 340000 रुपये लूट की बात बतायी गयी है, जबकि दोनों पिकअप में ज्यादा से ज्यादा दो-ढाई लाख रुपये का ही मुरगा आ सकता है. तिरोजपुर से लेकर खड़सरा से पहले नहर का रास्ता सुनसान है. अपराधी सुनसान जगहों पर ही घटना को अंजाम देते हैं. घटना के बारे में जांच-पड़ताल जारी है.
अनिल कुमार पांडेय, थानाध्यक्ष
