मोहनिया शहर : अकोढी गांव के सामने एनएच दो पर एक कंटेनर के पलटने से उस पर लदे छह पशुओं की मौत हो गयी. वहीं 12 से अधिक घायल हैं. इनका इलाज स्थानीय पशु डॉक्टर के द्वारा किया गया.
घटना मंगलवार की रात की है. सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी मवेशियों को निकाला व कंटेनर को सड़क से हटवाया. जानकारी के अनुसार, औरंगाबाद के बारुण से एक कंटेनर पर 40 भैंस लाद कर यूपी के उमांव एनएच दो के रास्ते ले जाया जा रहा था. इसी दौरान अकोढी गांव के पास स्थित चेकपोस्ट पर कंटेनर पलट गया. इसमें छह भैंसों की मौत हो गयी और एक दर्जन से अधिक घायल हो गयीं. सूचना पर पहुंची मोहनिया थाने की पुलिस ने कंटेनर में फंसे सभी मवेशियों को बाहर निकाला और सड़क से कंटेनर को हटाया गया. पता चला है कि मरे सभी मवेशियों को पोस्टमार्टम के बाद दफनाया गया. घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. वहीं, कंटेनर को बाद में खींच कर थाना लाया गया. जानकारी के अनुसार, कंटेनर के पलटने से जोरदार आवाज हुई, लोग मौके की ओर दौड़ पड़े. लोगों के वहां पहुंचते-पहुंचते चालक और खलासी भाग निकले थे.
क्या कहते हैं थानाध्यक्ष
मोहनिया थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि मंगलवार की देर शाम में चेकपोस्ट के पास एक कंटेनर में 40 भैस को लादकर यूपी ले जाया जा रहा था कि पुलिस को देखकर भागने के दौरान पलट गया. कंटेनर को जब्त कर थाना लाया गया है. इस मामले में पशु व्यापारी, चालक व वाहन मालिक तीनों पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है.
हाइटेक हुई पशु तस्करी
सूत्रों के अनुसार, पशु तस्करी अब हाइटेक हो गयी है. पहले कभी ट्रक व पिकअप से पशुओं की तस्करी की जाती थी. लेकिन, बदलते समय के अनुसार अब पशु भी लग्जरी गाड़ियों में ले जाये जा रहे हैं.
गौरतलब है कि पुसौली पावर ग्रिड के पास तीन माह पहले यूपी से एक टाटा सुमो में चार गायों को भर कर बंगाल ले जाया जा रहा था. पुसौली बाजार के पास एक होटल के पास डिवाइडर से जा टकराया था, जिसमें दो गायों की मौत भी हो गयी थी. मोहनिया अनुमंडल क्षेत्र में एनएच दो पर तीन थाने हैं, जिसमें पहले कुदरा, मोहनिया व दुर्गावती हमेशा ओवरलोड वाहनों को पकड़ने का अभियान भी चल रहे हैं. हमेशा पुलिस एनएच पर गश्त भी करती रहती है, लेकिन इतनी चेकिंग के बाद भी पशु तस्कर आराम से गुजर जा रहे है.
