भभुआ शहर : विभाग शहर के उन उपभोक्ताओं की बिजली काट रहा, जिनके घरों या प्रतिष्ठानों में जल रही बिजली का बिल तीन माह से बकाया है. फरवरी माह से ही बिजली विभाग के द्वारा एक अभियान चलाया जा गया. इसमें शहर के वैसे उपभोक्ता जिनके ऊपर 10 हजार से ज्यादा रुपये बिजली बिल का बकाया था उनके घरों या प्रतिष्ठानों की बिजली काटी गयी है. इसके तहत फरवरी माह में विभाग ने शहर के 275 उपभोक्ताओं की बिजली काटी है.
गौरतलब है कि बिजली विभाग को बिजली बिल के बकायेदारों की बिजली 31 मार्च तक काटने का निर्देश राज्य स्तर से प्राप्त हुआ है. जैसे-जैसे 31 मार्च नजदीक आयेगा. विभाग के अधिकारियों की तेजी बढ़ती जायेगी. पता चला है कि अधिकारियों को मार्च में एक हजार बकायेदारों की बिजली काटने का लक्ष्य हासिल हुआ है. विभाग द्वारा फरवरी माह में जारी निर्देश के मुताबिक, वैसे उपभोक्ता जिनके ऊपर 10 हजार रुपये से अधिक का बिजली बिल बकाया था, उनके घरों या प्रतिष्ठानों की बिजली काटनी थी. वहीं पुन: विभाग ने अपने दिये गये नये निर्देश में मार्च माह में वैसे उपभोक्ताओं की बिजली काटने को कहा है, जिनके द्वारा तीन माह से लगातार बिजली बिल जमा नही किया गया है.
सांसत में आम उपभोक्ताओं, सरकारी कार्यालयों को राहत
शहर के आम उपभोक्ता के लिए सख्त नियम बनाये गये हैं, वहीं सरकारी कार्यालयों को ढील दी गयी है. सरकारी कार्यालयों में बिजली का लाखों रुपये बकाया होने और एक साल तक बिजली बिल का भुगतान नही होने पर भी विभाग ने कोई कदम नहीं उठाया है. जानकारी के अनुसार, संबंधित कार्यालय के अधिकारियों से बिल के भुगतान को लेकर बात चल रही है और विभाग में आनेवाले आवंटन की प्रतिक्षा हो रही है. एक कार्यालय से दो तरह के निर्देश विभाग की ओर से मिल रहे है.
रेवेन्यू व स्पॉट बिलिंग बढ़ाने का निर्देश
भभुआ शहर. समाहरणालय स्थित वीसी रूम में बुधवार को बिजली विभाग के सीएमडी प्रत्यय अमृत ने वीसी के जरीये जिले में रेवेन्यू और स्पॉट बिलिंग को बढाने की बात कही.
उन्होंने बिजली विभाग की समीक्षा में कहा कि विभाग की ओर से शहरी क्षेत्र में 80 प्रतिशत स्पॉट बिलिंग की गयी थी, जिसे मार्च माह में शत प्रतिशत करने की बात कही. वही ग्रामीण क्षेत्रों में की गयी 40 प्रतिशत स्पॉट बिलिंग को 80 प्रतिशत करने की बात कही. साथ ही ज्यादा से ज्यादा रेवेन्यू कलेक्शन का निर्देश दिया.
