शहर के अष्टभुजी चौक का मामला
भभुआ सदर : दो लाख रुपये की खातिर ससुराल वालों द्वारा एक महिला की हत्या कर शव ठिकाने लगाने का मामला प्रकाश में आया है. महिला के मायकेवाले बुधवार को नगर थाना पहुंचे. उन्होंने बीमारी का बहाना बना महिला को मार उसका शव गायब करने का आरोप लगाया और उसके पति सहित ससुराल के अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करने के लिए आवेदन दिया.
घटना 28 फरवरी की रात की बतायी जा रही है. इस मामले में नगर थाने में पहुंची मृत महिला की विधवा मां ने बताया कि उन्होंने दो साल पहले अपनी बेटी पम्मी कुमारी की शादी भभुआ शहर के अष्टभुजी चौक पर रहनेवाले शिवचंद्र गिरि के बेटे मंटू गिरि से की थी.
28 फरवरी की देर रात एक बजे उनके मोबाइल पर फोन गया कि उनकी बेटी की तबीयत काफी ज्यादा खराब है. इस सूचना पर उन्हें आशंका होने लगी. कई बार बेटी से उसके पति और उनके घर के लोगों द्वारा कभी नौकरी के बहाने तो कभी अन्य किसी बहाने रूपये की मांग की जाती थी.
10 दिन पहले दो लाख रुपये की मांग की गयी थी, जिसे देने में उन्होंने असमर्थता जतायी थी. इसके बाद पति मंटू गिरि सास और ननद ने उसकी बेटी के साथ कई बार मारपीट भी की. सुबह आठ बजे दामाद मंटू गिरी और उसके पिता शिवचंद्र गिरि ने बताया कि पम्मी का दाह-संस्कार रात में ही वाराणसी में कर दिया गया. नगर थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने बताया कि महिला के आवेदन पर पुलिस कारवाई कर रही है. पुलिस को भेजा गया है, तफतीश के बाद आरोपितों को गिरफ्तार किया जायेगा.
