भभुआ सदर : चांद थानांतर्गत नवडिहा गांव के अपने खेत में घास व साग तोड़ रही एक महिला से उसके पति ने पहले गाली-गलौज की और इसके बाद उसके बेटे ने ही अपने साथियों के साथ मिल कर उसकी पिटाई कर दी. गांव के ही एक युवक ने जब इसका विरोध किया, तो युवकों ने उसे भी पीट कर घायल कर दिया. पीड़ित महिला नवडिहां की सौरंग देवी पति राम भजन यादव ने नगर स्थित महिला थाने में आवेदन देते हुए बताया है कि वह मंगलवार दोपहर 2:30 बजे अपने खेत में मवेशी के लिए घास व साग काटने गयी हुई थी. इसी दौरान कोटा चांद के ललन सिंह पिता राज बहादुर सिंह आये और उससे गाली-गलौज करने लगे.
उसने इसका विरोध किया, तो ललन सिंह वापस लौट गये. उसके जाने के थोड़ी देर बाद ललन सिंह का बेटा पिंटू सिंह, सुनील सिंह नामक युवक के साथ बाइक से वहां आया और पिता से उलझने की बात कह कर महिला से हाथापाई शुरू कर दी. महिला ने आवेदन में कहा है कि उसके बेटे ने उसके बाल पकड़ कर खींचा भी. यह देख कर एक स्थानीय युवक वहां पहुंचा और इसका विरोध किया तो उसे बांस के डंडे से पीटा गया. घटना की खबर मिलने पर स्थानीय लोग पहुंचे, तो पिंटू और सुनील बाइक पर सवार होकर भाग गये. इस मामले में महिला थाने की प्रभारी थानाध्यक्ष सरोज सिन्हा ने बताया कि महिला के आवेदन पर मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी हुई है.
