मोहनिया : गर पंचायत के सभागार में सोमवार को नगर पंचायत के बोर्ड की बैठक हुई. बैठक में जलजमाव एवं नली गली के लिए सभी वार्डों को ढाई लाख रुपये स्वीकृत किये गये. साथ ही नगर के विकास के लिए सभी वार्ड पार्षदों से सुझाव भी मांगा गया. इसकी जानकारी देते हुए नगर पंचायत के अध्यक्ष अज्ञेय बिक्रम बोस्की ने बताया कि सभी वार्डों में जलजमाव व नली-गली की समस्या को देखते हुए बोर्ड द्वारा ढाई लाख रुपये की स्वीकृति दी गयी है. साथ ही बताया कि नगर पंचायत के विकास के लिए जितनी राशि चाहिए, उतनी राशि मिल नहीं रही है. नया नगर पंचायत है, कार्य अधिक है और पैसा कम. इसको लेकर जिलाधिकारी व विभाग को पैसे के लिए पत्र लिखा गया है. लोगों को जलजमाव व नली गली की समस्या से निजात मिल जायेगी.
गौरतलब है कि पिछले सप्ताह प्रभात खबर ने जलजमाव व नली गली को लेकर तसवीर सहित खबर प्रकाशित की थी. इसके बाद नगर पंचायत के बोर्ड की बैठक में जलजमाव की समस्या के लिए सभी वार्डो को ढाई-ढाई लाख रुपये की स्वीकृति दी गयी. बैठक में नगरपंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी राजीव रंजन, वार्ड पार्षद रीता देवी के अलावा सभी वार्ड के पार्षद मौजूद थे.
