तीन ओवरलोडेड ट्रकों को पकड़ा, पर एक से ही वसूला जुर्माना

एसडीएम जितेंद्र गुप्ता की गिरफ्तारी के मामले में एक और खुलासा 25 जून को मोहनिया में एनएच दो पर पकड़े गये थे मार्बल लदे तीन ओवरलोडेड ट्रक निगरानी के मांगे जाने पर कैमूर पुलिस ने भेजी रिपोर्ट भभुआ (कार्यालय) : ओवरलोडेड ट्रकों के चालकों से पैसा लेकर छोड़ने के मामले में गिरफ्तार मोहनिया के पूर्व […]

एसडीएम जितेंद्र गुप्ता की गिरफ्तारी के मामले में एक और खुलासा

25 जून को मोहनिया में एनएच दो पर पकड़े गये थे मार्बल लदे तीन ओवरलोडेड ट्रक
निगरानी के मांगे जाने पर कैमूर पुलिस ने भेजी रिपोर्ट
भभुआ (कार्यालय) : ओवरलोडेड ट्रकों के चालकों से पैसा लेकर छोड़ने के मामले में गिरफ्तार मोहनिया के पूर्व एसडीएम जितेंद्र गुप्ता के मामले में रोज एक नये खुलासे हो रहे हैं. एसडीएम जितेंद्र गुप्ता ने 25 जून 2016 को मोहनिया थाना क्षेत्र में एनएच दो से तीन ओवरलोडेड मार्बल लदे ट्रकों को पकड़ा था और उसमें से एक ट्रक से जुर्माना वसूला व दो ओवरलोडेड ट्रकों को बगैर जुर्माना वसूले ही छोड़ दिया.
उक्त घटना का ब्योरा मोहनिया थाने में वहां के थानेदार ने स्टेशन डायरी में भी नोट किया है. अब निगरानी ने जब मोहनिया एसडीपीओ मनोज राम से एसडीएम द्वारा उनके कार्यकाल में पकड़े व छोड़े गये ट्रकों का ब्योरा मांगा है, तो मोहनिया थाने की स्टेशन डायरी में दर्ज एसडीएम जितेंद्र गुप्ता द्वारा पकड़े गये तीन ओवरलोडेड ट्रकों में से दो ओवरलोडेड ट्रकों को बगैर जुर्माने के छोड़े जाने संबंधी रिपोर्ट भी निगरानी को भेजी गयी है.
जानकारी के अनुसार, 25 जून 2016 को पश्चिम से पू्रब तीन मार्बल लदे ओवरलोडेड ट्रक एनएच दो से गुजर रहे थे. इस दौरान एसडीएम जितेंद्र गुप्ता ने तीनों ओवरलोडेड ट्रकों को पकड़ मोहनिया थानेदार को सुपूर्द कर दिया और तीनों ट्रकों के कागजात लेकर चले गये. दो दिनों बाद 27 जून को तत्कालीन एसडीएम जितेंद्र गुप्ता ने पकड़े गये तीन ट्रकों में से एक ट्रक (RJ-14H-6731) का कागजात थानेदार को भेजा और उसका जुर्माना कराने के लिए कहा. एसडीएम के आदेश पर थानेदार ने उक्त ट्रक को जुर्माना के लिए सेल्स टैक्स व परिवहन विभाग को भेजा,
जिससे 23 हजार 600 रुपये जुर्माना भी वसूला गया. वहीं पकड़े गये तीन में से दो ट्रक (RJ-14GH-0731) (HR-55W-1717) को छोड़े जाने का आदेश थानेदार मनोज कुमार को दिया. एसडीएम जितेंद्र गुप्ता ने सिर्फ एक ट्रक के कागजात उपलब्ध कराये और उससे जुर्माना वसूलने के लिए कहा. वहीं अन्य दो ट्रकों के बाबत कहा कि उन्हें अपने स्तर से छोड़ दिया है. एसडीएम द्वारा पकड़े गये तीन ट्रकों में दो ट्रकों के सीजर भी नहीं काटे गये थे.
इस मामले में मोहनिया थानेदार ने तीन स्टेशन डायरी मेंटेन की है. पहली स्टेशन डायरी में तीन ट्रकों के पकड़े जाने की बात इंट्री की गयी है.
वहीं दूसरी स्टेशन डायरी में तीन ट्रकों के फाइल एसडीएम जितेंद्र गुप्ता द्वारा साथ ले जाने की बात इंट्री है और तीसरी स्टेशन डायरी में एक ट्रक से जुर्माना करने व दो ट्रकों को एसडीएम द्वारा अपने स्तर से छोड़े जाने की बात इंट्री की गयी है. इस मामले का खुलासा तब हुआ जब निगरानी ने मोहनिया एसडीपीओ मनोज राम से उनके थाना क्षेत्र में एसडीएम जितेंद्र गुप्ता द्वारा पकड़े गये ट्रकों का ब्योरा मांगा. निगरानी को मोहनिया एसडीपीओ द्वारा भेजी गयी रिपोर्ट में उक्त तीनों ओवरलोडेड ट्रकों के पकड़े जाने और बाद में दो ओवरलोडेड ट्रकों को छोड़े जाने का ब्योरा भी दिया गया है.
गौरतलब है कि 24 जून को कुदरा थाने में वनभोज होटल के पास एक स्कॉर्पियों से आकर काली वरदी में पुलिस जवानों ने दो ट्रकों के कागजात छीने जाने की शिकायत दर्ज करायी गयी थी. उक्त दोनों ट्रकों के चालकों ने जो स्कॉर्पियों का नंबर अपने शिकायत पत्र में दिया था, वह स्कॉर्पियों का नंबर एसडीएम जितेंद्र गुप्ता द्वारा उपयोग में लायी जानेवाली स्कॉर्पियों का था.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >