80 करोड़ से शहर का कायाकल्प

बदलेगा लुक. नप ने बनायी योजना, बनेंगी नालियां, लाइटों से जगमगायेगा भभुआ नगर पर्षद आनेवाले समय में 80 करोड़ की कार्ययोजना से शहर का विकास करने जा रही है. नप के मास्टर प्लान में नालों-नालियों से लेकर पूरे शहर को लाइटों से जगमग करने की तैयारी है. भभुआ (सदर) : भभुआ शहर की दशा व […]

बदलेगा लुक. नप ने बनायी योजना, बनेंगी नालियां, लाइटों से जगमगायेगा भभुआ

नगर पर्षद आनेवाले समय में 80 करोड़ की कार्ययोजना से शहर का विकास करने जा रही है. नप के मास्टर प्लान में नालों-नालियों से लेकर पूरे शहर को लाइटों से जगमग करने की तैयारी है.
भभुआ (सदर) : भभुआ शहर की दशा व दिशा सुधारने के लिए नगर पर्षद द्वारा 80 करोड़ की कार्य योजना बनायी गयी है. इतनी भारी-भरकम राशि से शहर को स्वच्छ व सुंदर करते हुए नाले-नालियों का निर्माण कराया जायेगा. साथ ही पूरे शहर को रौशन करने की भी कार्य योजना तैयार की गयी है. नगर पर्षद की कार्य योजनाओं की जानकारी देते हुए नगर पर्षद अध्यक्ष बजरंग बहादुर सिंह उर्फ मलाई सिंह ने बताया कि शहर को अब आधुनिक पद्धति से संवारने की तैयारी की जा रही है.
इस कार्ययोजना मे 80 करोड़ की राशि खर्च की जायेगी. उन्होंने बताया कि शहर का विस्तृत मास्टर प्लान नगर विकास विभाग को सौंप दिया गया है. नगर विकास मंत्री से इस संदर्भ में बात हुई है. जल्द ही मंजूरी मिलने व राशि उपलब्ध होते ही इन कार्य योजनाओं को शुरू करा दिया जायेगा. नगर पर्षद अध्यक्ष ने बताया कि फिलहाल अखलासपुर बस स्टैंड से बबुरा नहर तक के नाले के निर्माण के लिए एक करोड़ 38 लाख और रामपुर कॉलोनी में नाला निर्माण के लिए लगभग 76 लाख की राशि निर्गत की जा चुकी है. प्रक्रिया पूरी होते ही इनका निर्माण कार्य शुरू करा दिया जायेगा.
इसके अलावा अब शहर में कूड़ा रखने के लिए डस्टबीन को फिक्स स्टैंड पर रखा जायेगा, ताकि शहर के लोग प्रतिदिन घर से निकले कूड़े को इस डस्टबीन में फेंकें. इसके अलावा बाबाजी के पोखरे का जीर्णोद्धार कराते हुए इस पोखरे सहित चमन लाल तालाब, राजेंद्र सरोवर के चारों तरफ छठ घाट का भी निर्माण कराया जायेगा. नगर पर्षद अध्यक्ष ने बताया कि शहर के विकास के लिए प्रयासरत हैं. उन्होंने बताया कि प्रकाश व्यवस्था के लिए पूरे शहर का सर्वेक्षण कराया गया था. सभी 25 वार्डों में लगभग 309 एलइडी लाइटें खराब पायी गयी हैं.
अखलासपुर स्टैंड से बबुरा नहर तक एक करोड़ 38 लाख से होगा नाले का निर्माण
जिन योजनाओं पर नहीं हो सका काम
जेपी चौक से हवाई अड्डा तक एलइडी योजना
स्ट्रीट वॉल सहित डिजिटल स्वागत बोर्ड
राजेंद्र सरोवर में कैफेटेरिया व बोटिंग
वार्ड नंबर 11 में संतोष माली के घर से बाइपास रोड तक नाला
कब्रिस्तान से नहर तक और कब्रिस्तान से कबीर चौक तक नाला
कैमूर स्तंभ से 18-19 वार्ड होते हुए बाइपास नहर तक नाला
एकता चौक से 14-15 वार्ड होते हुए कुकुर नहिया नदी तक नाला
पटेल चौक से वार्ड नंबर 6 होते हुए सीवों मेला तक नाला
पूरब बस स्टैंड से कुकुरनहिया नदी तक दोनों तरफ नाला
राजेंद्र सरोवर के चारों तरफ नाला व नाली का निर्माण
शहर के यह स्थान होंगे जगमग
जगजीवन स्टेडियम
राजेंद्र सरोवर के चारों तरफ
सदर अस्पताल के सामने से छावनी मुहल्ला, अष्टभुजी चौक से लेकर विद्युत विभाग तक प्रकाश व्यवस्था
एकता चौक से पूरब पोखरा बस स्टैंड
पूरब पोखरा बस स्टैंड से बाइपास होते हुए कैमूर स्तंभ
मुख्य महावीर मंदिर से नवाबी मुहल्ला, पुराना थाना होते हुए सब्जी मंडी
पटेल चौक से सुअरा नदी तक सड़क के दोनों तरफ
कुछ योजनाएं जो फाइलों में ही हो गयीं गुम
वैसे तो नगर पर्षद 80 करोड़ की राशि शहर की व्यवस्था को सुधारने जा रही है, लेकिन नगर पर्षद द्वारा पहले बनायी गयीं कई योजनाएं फाइलों में ही दफन हैं. नगर पर्षद के पूर्व अध्यक्ष अमरदेव सिंह ने शहर काे खूबसूरत लुक देने के लिए शहर के प्रवेश द्वार पर डिजिटल स्वागत बोर्ड लगाने की योजना बनायी थी. इसके अलावा एकता चौक पर कोलकाता के विक्टोरिया वॉच टॉवर के समान वॉच टॉवर बनाये जाने की बात कही थी.
इसके अलावा राजेंद्र सरोवर में बोटिंग के साथ-साथ कैफेटेरिया, कैंटीन सहित आरामगाह बनाने की रूपरेखा तय की थी, लेकिन नगर पर्षद की यह योजना वर्षों बाद भी फाइलों के बीच ही दफन हो कर रह गयी है. पहले के नगर पर्षद के अधिकारियों की पहल पर पटेल चौक से एकता चौक और एकता चौक से अखलासपुर बस स्टैंड तक करीब दो करोड़ की राशि से एलइडी बल्ब लगाये गये, लेकिन अनियमितता के चलते आज भी अधिकतर एलइडी लाइटें बंद पड़ी हैं और कुछ तो लगाये जाने के बाद से रौशनी ही नहीं दे सके. इसी प्रकार शहर के प्रत्येक वार्डों में सीएफएल बल्ब खराब हैं या मरम्मत के अभाव में बंद पड़ा हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >