चैनपुर : प्रखंड मुख्यालय स्थित सभाकक्ष में सोमवार को प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी(पंचायत) सह प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ सत्येंद्र परासर की अध्यक्षता में मुखिया व वार्ड सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया. इस समारोह के दौरान उप मुखिया का भी चुनाव गुप्त मतदान के जरिये किया गया. यह शपथ ग्रहण कार्यक्रम साढ़े दस बजे प्रारंभ हुआ. शपथ ग्रहण समारोह की शुरुआत सिरबिट पंचायत से हुई. इस पंचायत के मुखिया व वार्ड सदस्यों को शपथ दिलाते हुए बीडीओ ने उप मुखिया के मतदान के बारे में बताया.
सिरबिट पंचायत से उप मुखिया के लिए मुखिया सहित कुल चौदह लोगों ने अपने मतों का प्रयोग किया जिसमे 11 मत पाकर सरिता देवी उप मुखिया निर्वाचित हुईं. सबसे रोचक मुकाबला करजांव पंचायत में देखने को मिला जब उप मुखिया के तीनों दावेदारों शिवानंद खरवार, विजय बिंद व शत्रुध्न सिंह को चार-चार मत मिले. इस पंचायत के लिए कुल 14 मत डाले गये, जिसमें दो मतों को अवैध घोषित किया गया. इस प्रकार से हुए मतों की बराबरी के बाद बीडीओ द्वारा लाटरी निकाली गयी जिसके बाद शिवानंद खरवार को करजांव का उप मुखिया घोषित किया गया. इस रोमांचक मुकाबले के बाद इसियां पंचायत की बारी आयी जहां से प्रीतम सिंह ने सविता देवी को दो मतों से पराजित किया. उसके बाद पहले दिन के अंतिम पंचायत के रूप में अमांव की बारी आयी, जहां से नीलू देवी और संजय कुमार गुप्ता चुनावी मैदान में थे. यहां से नीलू देवी को छी और संजय गुप्ता को आठ मत मिले.
नुआंव. प्रखंड परिसर के सभागार कक्ष में सोमवार की दोपहर प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी विनोद कुमार प्रसाद के समक्ष तीन पंचायत मुखराव से किशोर धोबी दुमदुमा से सत्येंद्र राय व कोटा पंचायत से विद्यावती देवी को मुखिया पद की शपथ दिलायी. साथ ही उप मुखिया के चुनाव में मुखराव से विजय कुमार, दुमदुमा से पुष्पा देवी व कोटा पंचायत से बनारसी पासवान को उप मुखिया का ताज पहनने को मिला.
कुदरा. स्थानीय प्रखंड के जहानाबाद उच्च विद्यालय के प्रागण में सोमवार को चार पंचायत के मुखिया और वार्ड प्रतिनिधियों को शपथ दिलायी गयी. उसके बाद उपमुखिया का चुनाव किया गया. बीडीओ कनिष्क कुमार ने बताया की घटाव से कुरैसा खातून, चिलबिलि से राकेश पाल, जहानाबाद से रंजन कुमार व सकरी से आनंदी देवी उपमुखिया घोषित किये गये.
रामगढ़. स्थानीय प्रखंड कार्यालय स्थित सभा कक्ष भवन पर तीसरे दिन हुई नवनिर्वाचित मुखिया व वार्ड सदस्यों की शपथ ग्रहण के बाद उप मुखिया पद का चुनाव शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न हुई.
महुवर पंचायत के उप मुखिया पद पर अनिल कुमार गोंड, सिझुआ पंचायत से मिथलेशिया देवी, सदुल्लहपुर पंचायत से जितेंद्र बिंद, सिसौड़ा पंचायत से चिंता देवी, नरहन जमुरना पंचायत से राम मूरत कुशवाहा ने जीत हासिल की. इस दौरान सिसौड़ा के मुखिया दिनेश सिंह सदुल्लहपुर पंचायत के मुखिया अंबिका बिंद, नरहन जमुरना के मुखिया कंचन देवी महुवर पंचायत के मुखिया निर्मला देवी व सिंझुवा पंचायत की मुखिया कंचन देवी को बीडीओ ने शपथ दिलायी.
मोहनिया(सदर) : शपथ ग्रहण समरोह के तीसरे दिन पांच पंचायतों के मुखियों को निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ अरुण सिंह ने शपथ दिलायी. शपथ लेने वालों मे अकोढ़ी मेला पंचायत के मुखिया ललन पासी, उसरी पंचायत के मुखिया दुलार चंद्र राम, अकोढ़ी पंचायत से रमेश कुमार सिंह, भरखर पंचायत से द्वारिका सिंह व बेलौड़ी पंचायत से मीर इमरान शामिल थे.
वही अकोढ़ीमेला से उप मुखिया के रूप में सुशीला देवी, उसरी से मुराही देवी व भरखर पंचायत से रोशनी देवी को निर्विरोध चुना गया, जबकि अकोढ़ी से राधेश्याम सिंह व बेलौड़ी से युनूस अंसारी निर्वाचित हुए.
चांद. प्रखंड सभाकक्ष में तीसरे दिन प्रखंड के गोई,बिउरी,शिवरामपुर और पाढी पंचायत के नव गठित ग्राम पंचायत के मुखिया सहित सभी वार्ड सद्स्यों को पद और गोपनियता की शपथ दिलाई गई. प्रखंड विकास पदाधिकारी सह निर्वाची पदाधिकारी कृष्णा कुमार ने गोई पंचायत की मुखिया संगीता देवी,बिउरी पंचायत की मुखिया सुनीता देवी, शिवरामपुर पंचायत के मुखिया महेंद्र प्रताप सिंह और पाढी पंचायत की मुखिया गायत्री देवी सहित सभी वार्ड सद्स्यों को शपथ दिलायी.
रामपुर.प्रखंड के ई किसान भवन में सोमवार को सरपंच व पंच का शपथ ग्रहण व उपसरपंच का चुनाव व शपथ ग्रहण समारोह 11बजे से 3 बजे तक चला. प्रखंड निर्वाचन पदाधिकारी सह बीडीओ मनोज कुमार ने बताया कि पंचायत पसाई से सरपंच दीपक कुमार,बेलाव से एंगुरवास देवी,बड़कागांव से मीरा देवी,जलालपुर से नंदकिशोर कोहार को सरपंच पद के लिए शपथ दिलायी गयी.उपसरपंच के लिए पसाई से ,बेलाव से ,खरेंदा से ,बड़कागांव से को मनोनीत किया गया .इन चार पंचायतो के 52 ग्राम कचहरी पंच का उपसरपंच के चुनाव के बाद शपथ ग्रहण किया. मंगलवार को जलालपुर,कूड़ारी, सबार,अमाव व भीतरीबांध इन पांच पंचायत सरपंच व पंच का शपथ ग्रहण व उप सरपंच का चुनाव व शपथ ग्रहण कराया जायेगा.
भभुआ(ग्रामीण) : सोमवार को नगरपालिका मध्य विद्यालय मे सिकठी, रूईयां, कोहारी व डुमरैठ पंचायत के मुखिया व वार्ड सदस्यों ने अपने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली. बीडीओ मनेंद्र कुमार ने बारी- बारी से एक- एक पंचायत के लोगों को बुलाकर शपथ दिलाया. पहले सिकठी पंचायत की मुखिया चिंता देवी व सभी वार्ड सदस्यों को शपथ दिलाई गयी.
फिर रूईया पंचायत के मुखिया जवाहर सिंह व उनके साथ सभी वार्ड सदस्यों को बीडीओ मनेन्द्र कुमार के द्वारा शपथ दिलायी गयी. इसके बाद कोहारी पंचायत के मुखिया श्वेता देवी व उनके सभी वार्ड सदस्यों की शपथ दिलायी गयी. फिर डुमरैठ पंचायत की मुखिया सुशीला देवी व वार्ड सदस्यों को शपथ दिलायी गयी.
पुसौली. घटाव पंचायत के नवनिर्वाचित मुखिया लालबाबू व 12 वार्ड सदस्यों को सोमवार को शपथ दिलायी गयी. साथ ही उपमुखिया का चुनाव भी हुआ, जिसमें उप मुखिया के लिए कुरैशी खातून ने दो मतों से जीत हासिल की है. बीडीओ कनिष्क कुमार ने बताया कि उक्त पंचायत से उप मुखिया के लिए दो प्रत्याशी मैदान में थे. इसके मद्देनजर गुप्त मतदान कराया गया, जिसमें एक प्रत्याशी को सात मत तो दूसरे प्रत्याशी को पांच मत प्राप्त हुए. इसमें कुरैशी खातून को उपमुखिया के लिए घोषित किया गया. साथ ही उन्हें मुखिया द्वारा शपथ दिलायी गयी. गौरतलब है कि शपथ ग्रहण में मुखिया के साथ में भरी संख्या में समर्थक प्रखंड मुख्यालय पर जुटे रहे.
भगवानपुर. प्रखंड मुख्यालय के सभागार कक्ष में प्रखंड विकास पदाधिकारी ऋतुरंजन कुमार की उपस्थिति में पांच प्रखंडों के मुखिया पद के लिए भगवानपुर पंचायत से सेगब्बर मियां, कसेर पंचायत से प्रियंका देवी, मोकरम से अमरेंद्र सिंह, जैतपुर कला से बलराम दुसाध, टोड़ी पंचायत से राजकुमार पाल तथा उपमुखिया भगवानपुर पंचायत से रुबी देवी, कसेर पंचायत से विभा देवी, मोकरम पंचायत से सुरेंद्र उपाध्याय, जैतपुर कला से ललिता बिंद, टोड़ी पंचायत से बसावन सिंह ने शपथ लिया.
वहीं प्रखंड मुख्यालय के सभागार कक्ष में चार पंचायत के नवनिर्वाचित सरपंचों का शपथ ग्रहण हुआ, जिसमें रामगढ़ पंचायत से सरपंच पद के लिए रीता देवी, सरैया पंचायत से सीताराम सिंह, पहड़िया पंचायत से होसिला सिंह ने शपथ लिया. वहीं उपसरपंच पद के लिए रामगढ़ पंचायत से प्रभु मुसहर, सरैया से अशोक राम तथा पढ़ौती से उपसरपंच बालवती देवी हुई.
भभुआ (ग्रामीण). वार्ड सदस्यों के शपथ ग्रहण के बाद उपमुखिया का चुनाव बीडीओ मनेंद्र कुमार के द्वारा कराया गया. चुनाव मे सिकठी, रूईया, कोहारी व डुमरैठ के सभी वार्ड सदस्यों ने उपमुखिया का चुनाव किया. इसमे सिकठी पंचायत के उपमुखिया बने फिरोज अंसारी, रूईया पंचायत के उपमुखिया बने चन्द्रशेखर कुमार, कसेर पंचायत की उपमुखिया के रूप विभा देवी का चुनाव हुआ है.
