पेयजल की व्यवस्था नहीं रहने से मरीजों व लोगों को लगाने पड़ रहे अस्पताल के चक्कर
भभुआ (सदर) : सदर अस्पताल के ओपीडी में पीने के पानी की व्यवस्था नहीं रहने के चलते मरीजों व कर्मियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. भीषण गरमी व उमस के बीच लोगों को प्यास बुझाने के लिए अस्पताल के चक्कर काटने पड़ रहे हैं. गौरतलब है कि आपीडी में प्रतिदिन आनेवाले सैकडो मरीजों, चिकित्सकों व कर्मियों के प्यास बुझाने के लिए मात्र एक आरओ लगाया गया है, जो फिलहाल खराब है.
इसके अलावा अस्पताल परिसर में मात्र एक चापाकल है, जो लोगों की प्यास बुझाने के काम आ रहा.सोमवार को सदर अस्पताल इलाज के लिए आये मरीजों व परिजनों को प्यास बुझाने के लिए इसी एक मात्र चापाकल से काम चलाना पड़ा. इलाज के लिए कुकुराढ़ से आये रामाशंकर पांडेय व मीना देवी आदि का कहना था कि पानी नहीं रहने के चलते उन्हे काफी भटकना पड़ा. अन्तत: ओपीडी के दूसरे छोर पर लगे चापाकल से प्यास बुझानी पड़ी. हद तो तब हो गयी जब ओपीडी में बैठने वाले चिकित्सकों को भी मुख्य अस्पताल से या फिर पानी खरीद कर अपनी प्यास बुझानी पड़ी.
इस बारे में सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डाॅ प्रह्लाद सिंह ने बताया कि फिलहाल वह पटना मीटिंग में हैं, लेकिन मेकैनिक को आरओ ठीक करने के लिए कहा गया है. मंगलवार से ओपीडी मे पेयजल की व्यवस्था दुरुस्त कर ली जायेगी.
