Kaimur News : ग्राम भारती महाविद्यालय, रामगढ़ में एनसीसी के 2026-29 सत्र के लिए चयन प्रक्रिया पूरी कर ली गयी. कुल 125 छात्र-छात्राओं ने चयन ट्रायल में हिस्सा लिया, जिसमें 54 अभ्यर्थियों का चयन एनसीसी कैडेट के रूप में किया गया. खास बात यह रही कि चयनित कैडेटों में छात्राओं की संख्या छात्रों से अधिक रही. कुल 29 छात्राओं और 25 छात्रों का चयन हुआ.
शारीरिक दक्षता से लेकर लिखित परीक्षा तक हुई जांच
चयन प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों की दौड़, शारीरिक दक्षता, मेडिकल जांच और लिखित परीक्षा करायी गयी. 30 बिहार बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल हेमंत के नेतृत्व में चयन प्रक्रिया पूरी हुई. चयन के बाद नवचयनित कैडेटों में खासा उत्साह देखने को मिला.
कर्नल हेमंत ने कैडेटों को सेना में अधिकारी बनने के लिए किया प्रेरित
कर्नल हेमंत ने नवचयनित कैडेटों को एनसीसी के महत्व और इससे मिलने वाले अवसरों की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, साहस और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है. उन्होंने कैडेटों को भारतीय सेना में अधिकारी बनने के लिए भी प्रेरित किया.
प्राचार्य ने दी शुभकामनाएं, देशसेवा का दिलाया संकल्प
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. बिनोद कुमार सिंह ने चयनित कैडेटों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. एनसीसी ऑफिसर लेफ्टिनेंट डॉ. मधुलता शुक्ला ने कहा कि एनसीसी देश के सबसे बड़े युवा संगठनों में से एक है. उन्होंने कैडेटों को एकता और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने तथा देशभक्ति की भावना को हमेशा बनाए रखने की प्रेरणा दी.
ये रहे मौजूद
मौके पर हिंदी विभाग के डॉ. आशीष पांडेय, परीक्षा नियंत्रक मोहन प्रसाद वर्मा, 30 बिहार बटालियन के जेसीओ महेश कुमार, मुकेश राय, केके मिश्रा सहित अन्य मौजूद रहे. चयनित छात्र-छात्राओं ने एनसीसी के अनुशासन और गौरव को बनाए रखने तथा देशसेवा की भावना के साथ कार्य करने का संकल्प लिया.
