किराये पर चल रहे 32 आंगनबाड़ी केंद्र नजदीकी स्कूलों में होंगे शिफ्ट

बीइओ के निर्देश पर प्रखंडस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित, शिक्षा सुधार में लिये गये कई निर्णय

बीइओ के निर्देश पर प्रखंडस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित, शिक्षा सुधार में लिये गये कई निर्णय रामपुर. प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी तेजस्विनी आनंद के आदेशानुसार सोमवार को उच्च विद्यालय पसाई (खजुरा) में प्रखंड स्तरीय सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों, प्रभारी प्रअ व नोडल शिक्षकों की एक अतिमहत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी. लेखापाल हिमांशु शेखर पांडेय की अध्यक्षता में एजेंडा वार कार्यों की समीक्षा की गयी. समीक्षा के दौरान क्षेत्र अंतर्गत किराये के भवनों में संचालित 32 आंगनबाड़ी केंद्रों को नजदीकी विद्यालयों में शिफ्ट करने का निर्णय लिया गया. इसके साथ ही चयनित मॉडल स्कूल (श्री नेहरू 2 उच्च विद्यालय, नौहट्टा) के संचालन हेतु निर्धारित 14 बिंदुओं पर चर्चा की गयी. विदित हो कि इस मॉडल स्कूल का संचालन 15 अप्रैल से प्रारंभ किया जायेगा. वहीं, नामांकन प्रक्रिया को लेकर सख्त निर्देश दिये गये हैं. वर्ग एक में नामांकन के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों से योग्य बच्चों की सूची प्राप्त कर उनका नामांकन स्कूलों में सुनिश्चित किया जायेगा. इसके लिए शिक्षा सेवक, रसोइया व शिक्षकों के सहयोग से घर-घर जाकर सर्वे किया जायेगा. वर्ग नौ में प्रवेश के लिए सभी मध्य विद्यालयों के प्रधान वर्ग 8 उत्तीर्ण बच्चों की सूची संबंधित उच्च विद्यालयों को उपलब्ध करायेंगे, ताकि दाखिले में कोई असुविधा न हो. नामांकन शुल्क की राशि नोटिस बोर्ड पर चस्पा की जायेगी. शैक्षणिक गुणवत्ता व डिजिटल पहल विद्यालयों को निर्देशित किया गया है कि वे समय-सारणी के अनुसार कक्षाएं संचालित करें. सभी शिक्षकों के लिए ”पाठ टीका” का संधारण अनिवार्य किया गया है. उच्च विद्यालयों को मासिक कैलेंडर के अनुपालन हेतु गूगल शीट बनाकर प्रतिदिन के विषयों को अंकित करने के निर्देश दिये गये हैं. साथ ही, विद्यालयों को प्राप्त टैब पर सभी बच्चों का शत-प्रतिशत निबंधन करने को कहा गया है. प्रखंड स्तर पर गणित व विज्ञान ओलिंपियाड प्रतियोगिता आयोजित की जायेगी. इसके लिए प्रत्येक माह की 25 से 30 तारीख के बीच उच्च विद्यालय पसाई में प्रतियोगिताएं होंगी. वाद्य यंत्रों के संचालन हेतु प्रत्येक विद्यालय से एक नोडल शिक्षक नामित किया गया है. ये शिक्षक सप्ताह में दो दिन संगीत शिक्षकों से प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे व बाद में बच्चों को प्रशिक्षित करेंगे. बैठक में पाठ्य-पुस्तक वितरण समारोह आयोजित करने व उसकी पीपीटी साझा करने के निर्देश भी दिये गये. मध्य विद्यालय बड़कागांव में विएसएस के पुनर्गठन का कार्य एक सप्ताह के भीतर पूर्ण करने की चेतावनी दी गयी. बैठक में सभी संकुल समन्वयक, एचएम व नोडल शिक्षक उपस्थित रहे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: VIKASH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >