Kaimur News : कैमूर जिला के चैनपुर प्रखंड के नगर पंचायत हाटा में विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने और उनमें प्रतियोगी भावना विकसित करने के उद्देश्य से रविवार को टॉप-10 क्विज कंपटीशन का आयोजन किया गया. उत्क्रमित मध्य विद्यालय हाटा के प्रांगण में आयोजित प्रतियोगिता में 13 सरकारी एवं निजी विद्यालयों के कुल 120 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया. प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले टॉप-10 विद्यार्थियों का चयन कर 15 अगस्त को सम्मानित किया जायेगा.
120 विद्यार्थियों ने आजमायी अपनी प्रतिभा
नगर पंचायत हाटा के अध्यक्ष रमेश जायसवाल के नेतृत्व में आयोजित क्विज प्रतियोगिता में विभिन्न सरकारी और निजी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया. प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों की बौद्धिक क्षमता को परखने के साथ उनमें सामान्य ज्ञान और प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति रुचि विकसित करना था.
25 सवाल, 50 अंकों की रही परीक्षा
नगर पंचायत अध्यक्ष रमेश जायसवाल ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए विद्यार्थियों को कुल 30 मिनट का समय दिया गया. परीक्षा में 25 प्रश्न पूछे गये. प्रत्येक प्रश्न दो अंक का था. इस तरह प्रतियोगिता के लिए कुल 50 अंक निर्धारित किये गये थे. विद्यार्थियों ने निर्धारित समय में सवालों के जवाब देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया.
टॉप-10 विद्यार्थियों का होगा चयन
प्रतियोगिता में प्रदर्शन के आधार पर बेहतर अंक प्राप्त करने वाले टॉप-10 छात्र-छात्राओं का चयन किया जायेगा. चयनित विद्यार्थियों को 15 अगस्त यानी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर पंचायत हाटा कार्यालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित किया जायेगा. इस दौरान मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए उपहार भी दिये जायेंगे.
विद्यालयों के निदेशक और प्रधानाध्यापक रहे मौजूद
क्विज प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न निजी विद्यालयों के निदेशक और सरकारी विद्यालयों के प्रधानाध्यापक मौजूद रहे. कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष रमेश जायसवाल, डिम्पल जायसवाल समेत सभी वार्ड पार्षदों ने भी भाग लिया. आयोजकों ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ने के साथ सामान्य ज्ञान और प्रतियोगी भावना विकसित होती है.
