रामगढ़ : स्थानीय प्रखंड रेफरल अस्पताल में बुधवार के दिन वन महोत्सव पौधारोपण अभियान में सैकड़ों पौधे प्रशासनिक पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों द्वारा ब्लॉक परिसर व रेफरल अस्पताल परिसर में लगाया गया. उक्त अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए रामगढ़ विधायक अशोक कुमार सिंह ने कहा कि दुनिया में वनों के मामले में भारत 35वां स्थान व भारत में बिहार 17वां स्थान पर अब तक काबिज है. आज लगातार देश में वृक्षों के काटे जाने से पर्यावरण व मॉनसून का संकट बढ़ता जा रहा है.
आज सुखी व संपन्न रहना है. तो पौधारोपण बहुत जरूरी है. पौधों के लगने से आने वाली हमारी संतानें सुखी व संपन्न रह सकती है. आज प्रकृति का सिस्टम वृक्षों के अभाव में बिगड़ता जा रहा है. वृक्षों से हमें जीने के लिए ऑक्सीजन मिलते हैं. प्रकृति का मिजाज बदला तो जीना दूभर हो जायेगा. आप अपने संतानों के लिए अपने लिए एक वृक्ष लगाएं और उसे अपना संतान समझ समय-समय पर पानी व भोजन देकर बड़ा करें. ताकि, आपकी आने वाली पीढ़ियों पर कोई संकट नहीं आने पाये.
रेफरल अस्पताल के डॉ सुरेंद्र सिंह ने कहा पेड़ बचेगा तो देश बचेगा, बेटी बचेगी तो घर बसेगा. आप अपने लिए ना सही आने वाले अपने बच्चों के सुनहरे भविष्य के लिए कम से कम एक पौधारोपण कर उसे बड़े होने तक सिंचित रखें. कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी जनार्दन तिवारी ने किया. देखरेख डॉक्टर सुरेंद्र सिंह ने मुख्य अतिथि जिला पंचायती राज्य पदाधिकारी सुधीर कुमार थे. कार्यक्रम को संबोधित सीओ हेमेंद्र कुमार, पीओ मनरेगा प्रमुख निशा देवी सहित कई लोगों ने किया.
