JPU Admission 2026: सारण के जयप्रकाश विश्वविद्यालय (जेपीयू) से स्नातक में नामांकन लेने की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं के लिए बड़ी राहत भरी खबर है. विश्वविद्यालय छात्र कल्याण विभाग ने स्नातक सत्र 2026-30 (चार वर्षीय CBCS पाठ्यक्रम) में नामांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है. अब छात्र 17 जून तक आवेदन कर सकेंगे. इसके साथ ही आवेदन में हुई त्रुटियों को सुधारने का भी मौका दिया गया है.
17 जून तक कर सकेंगे आवेदन
विश्वविद्यालय छात्र कल्याण विभाग (DSW) द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार पहले ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 10 जून निर्धारित थी. लेकिन छात्रहित को ध्यान में रखते हुए इसे बढ़ाकर 17 जून 2026 कर दिया गया है. यह निर्णय हजारों छात्रों के लिए राहत लेकर आया है.
DSW ने जारी किया नोटिफिकेशन
छात्र कल्याण विभाग के अध्यक्ष डॉ.राणा विक्रम सिंह ने आवेदन तिथि विस्तार को लेकर आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. इसकी सूचना छपरा, सीवान और गोपालगंज जिले के सभी अंगीभूत एवं संबद्ध महाविद्यालयों के प्राचार्यों को भेज दी गई है.
कॉलेजों के नोटिस बोर्ड और पोर्टल पर भी अपडेट
विश्वविद्यालय प्रशासन ने आवेदन तिथि बढ़ाने की जानकारी सभी कॉलेजों के नोटिस बोर्ड पर प्रकाशित कर दी है. साथ ही विश्वविद्यालय के पोर्टल पर भी नई तिथि से संबंधित सूचना अपलोड कर दी गई है ताकि छात्र आसानी से जानकारी प्राप्त कर सकें.
17 जून के बाद नहीं मिलेगा कोई और मौका
डीएसडब्ल्यू डॉ. राणा विक्रम सिंह ने स्पष्ट किया है कि 17 जून आवेदन की अंतिम तिथि है. इसके बाद छात्रों को आवेदन करने के लिए अतिरिक्त समय नहीं दिया जाएगा. इसलिए इच्छुक छात्र-छात्राओं को निर्धारित समय के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी. विश्वविद्यालय ने छात्रों को एक और बड़ी सुविधा दी है. जिन छात्रों ने पहले ही आवेदन कर दिया है लेकिन फॉर्म में कोई त्रुटि रह गई है, वे 16 और 17 जून को पोर्टल पर जाकर उसमें सुधार कर सकते हैं.
आवेदन से पहले तैयार रखें ये जरूरी दस्तावेज
नामांकन के लिए आवेदन करने से पहले छात्रों को कुछ आवश्यक दस्तावेज अपने मोबाइल या कंप्यूटर में स्कैन कर सुरक्षित रखने होंगे. इनमें हाल का पासपोर्ट साइज फोटो, हस्ताक्षर, आधार विवरण, 10वीं और 12वीं की मार्कशीट एवं प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, EWS प्रमाण पत्र, दिव्यांगता प्रमाण पत्र, माइग्रेशन प्रमाण पत्र और CLC शामिल हैं.
फॉर्म भरते समय इन जानकारियों में न करें गलती
विश्वविद्यालय ने छात्रों को सलाह दी है कि आवेदन करते समय नाम, पिता का नाम, माता का नाम, जन्म तिथि, श्रेणी, प्राप्तांक, विषय चयन, कार्यक्रम वरीयता और कॉलेज वरीयता जैसी जानकारियां सावधानीपूर्वक भरें. छोटी सी गलती भी मेरिट लिस्ट जारी होने के दौरान परेशानी का कारण बन सकती है.
कॉलेजों में हेल्प डेस्क की भी व्यवस्था
नामांकन प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए सभी कॉलेजों में हेल्प डेस्क संचालित किए जा रहे हैं. छात्र-छात्राएं वहां जाकर आवेदन प्रक्रिया और दस्तावेजों से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं. विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि कई छात्र आवेदन जमा करने के बाद उसे दोबारा जांच नहीं करते, जिसके कारण फॉर्म में त्रुटियां रह जाती हैं. बाद में यही गलतियां नामांकन प्रक्रिया में बाधा बन सकती हैं. इसलिए आवेदन जमा करने से पहले पूरी जानकारी की दोबारा जांच अवश्य करें.
Also Read: सारण में सड़क पार कर रही महिला को तेज रफ्तार कार ने कुचला, मौके पर हुई मौत
