हुलासगंज. ससुराल में आये 26 वर्षीय विकास मांझी की मौत को लेकर हुलासगंज क्षेत्र में सनसनी फैल गयी. मृतक के परिजनों ने इसे आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या करार देते हुए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाये हैं. मिली जानकारी के अनुसार, टेकारी निवासी विकास गुरुवार को अपनी पत्नी को विदा कराने के लिए ससुराल सुकियावां लोदीपुर आया था. बताया जाता है कि पत्नी द्वारा ससुराल छोड़कर जाने से इन्कार करने पर पति-पत्नी में विवाद हुआ, जो मारपीट तक पहुंचा. विवाद के बाद पत्नी गांव छोड़कर चली गयी. इस घटना से आहत होकर विकास मांझी ने गुरुवार की रात ससुराल में ही जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गयी. ससुरालवालों ने इसकी सूचना मृतक के परिजनों को दी. परिजन मौके पर पहुंचे और हुलासगंज थाना को घटना की जानकारी दी. पुलिस ने शव को लोदीपुर गांव स्थित ससुराल से बरामद कर शुक्रवार को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मामले की गंभीरता को देखते हुए मृतक के ससुर धूरी मांझी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का खुलासा होगा। फिलहाल मृतक के परिजनों की ओर से इस मामले में लिखित प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन नहीं दिया गया है. पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जायेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
