जहानाबाद: पति के साथ आ रही महिला की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार दो बदमाश फरार, जांच जारी

बिहार के करपी में बाजितपुर मोड़ के पास बाइक सवार बदमाशों ने महिला की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश जारी है।

jehanabad Crime News : करपी थाना क्षेत्र के बाजितपुर मोड़ के पास शुक्रवार की देर शाम करीब आठ बजे बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी. वारदात के बाद दोनों हमलावर बाइक से फरार हो गये. मृतका की पहचान बाजितपुर गांव निवासी शोभा देवी के रूप में हुई है. उनका नैहर चिरारी बिगहा गांव में बताया गया है.

अरवल से बाजितपुर गांव लौट रही थी महिला

जानकारी के अनुसार, शोभा देवी अपने पति और गांव की कुछ अन्य महिलाओं के साथ अरवल से अपने गांव बाजितपुर लौट रही थीं. जैसे ही वे बाजितपुर मोड़ के पास पहुंचीं, बाइक सवार दो युवकों ने नजदीक से उन पर ताबड़तोड़ कई गोलियां चला दीं. गोली लगने से शोभा देवी गंभीर रूप से घायल हो गयीं. गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया.

घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही करपी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. थानाध्यक्ष सुधीर कुमार सिन्हा ने बताया कि घटनास्थल से जिंदा कारतूस और ब्लड सैंपल समेत अन्य साक्ष्य जुटाये गये हैं. एफएसएल की टीम भी घटनास्थल की जांच कर रही है. पुलिस ने मृतका के पति और घटना के समय साथ मौजूद महिलाओं के बयान दर्ज करने शुरू कर दिये हैं. पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर भी हमलावरों का सुराग जुटा रही है.

पुलिस हर एंगल से कर रही जांच

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार संजय ने बताया कि हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद और पुरानी रंजिश समेत विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है. मृतका के पति पप्पू कुमार से भी पूछताछ की जा रही है. उन्होंने बताया कि अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है.

घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस गश्त बढ़ा दी गयी है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. अधिकारियों ने जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपितों को गिरफ्तार करने का दावा किया है.

इसे भी पढ़ें: जहानाबाद ब्लड बैंक में खून का भारी संकट, सिर्फ दो यूनिट ओ पॉजिटिव और एक यूनिट ए निगेटिव बचा



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >