Jehanabad News : जहानाबाद नगर थाना क्षेत्र स्थित गोपाल स्वीट्स के पास तीन अज्ञात युवकों ने महिला सिपाही के पति के साथ सरेराह मारपीट की. हमले में उनकी दाहिनी आंख में गंभीर चोट आयी है. पीड़ित ने नगर थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
बच्चे के लिए दूध लेने निकले थे
गया जिले के टेकारी थाना क्षेत्र निवासी शंकर कुमार अपनी पत्नी पुष्पा भारती से मिलने जहानाबाद पुलिस केंद्र आये थे. उनकी पत्नी जहानाबाद जिला बल में महिला सिपाही के पद पर तैनात हैं. तीन सितंबर की शाम शंकर कुमार अपने तीन वर्षीय बेटे के लिए दूध लेने स्कूटी से निकले थे.
स्कूटी में टक्कर के बाद शुरू हुआ विवाद
बताया गया कि गोपाल स्वीट्स के समीप पीछे से आ रही एक मोटरसाइकिल ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी. टक्कर लगने से उनका मासूम बेटा चोटिल होकर रोने लगा. शंकर कुमार ने बाइक सवारों से सही तरीके से गाड़ी चलाने को कहा. इसी बात को लेकर बाइक सवार दो युवकों से उनकी बहस शुरू हो गयी.
गाली-गलौज का विरोध करने पर तीनों ने पीटा
पीड़ित के अनुसार, गाली-गलौज का विरोध करने पर दोनों युवकों के साथ एक तीसरा व्यक्ति भी आ गया. इसके बाद तीनों ने मिलकर शंकर कुमार की बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी. मारपीट में उनकी दाहिनी आंख पर गहरा जख्म हो गया, जिससे उन्हें देखने में काफी परेशानी हो रही है.
सामने आने पर आरोपितों को पहचानने का दावा
शंकर कुमार ने बताया कि वह हमलावरों को नाम से नहीं जानते हैं, लेकिन सामने आने पर उनके चेहरे पहचान सकते हैं. उन्होंने थाना प्रभारी से मामले का संज्ञान लेकर आरोपितों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.
