Jehanabad News: शकूराबाद थाना क्षेत्र के श्रीबिगहा गांव निवासी संतोषी कुमारी ने अपने पति विकास कुमार यादव पर दूसरी शादी करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है. पीड़िता ने पति समेत नौ लोगों पर मारपीट, प्रताड़ित करने और जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया है.
वर्ष 2017 में हुई थी शादी
दर्ज प्राथमिकी में संतोषी कुमारी ने उल्लेख किया है कि उनकी शादी वर्ष 2017 में विकास कुमार यादव के साथ हुई थी. उनका आरोप है कि उनके पति ने उन्हें मानसिक रूप से अस्वस्थ बताकर शकूराबाद थाना क्षेत्र के पंडितपुर गांव की एक युवती से दूसरी शादी रचा ली है.
पति और ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का आरोप
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि पति और ससुराल पक्ष के लोग उनके साथ मारपीट करते हैं और लगातार प्रताड़ित कर रहे हैं. उन्होंने पति, सास, ससुर, ननद और देवर समेत कुल नौ लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है.
जिंदा जलाने की कोशिश का भी लगाया आरोप
संतोषी कुमारी ने यह भी आरोप लगाया है कि ससुराल पक्ष के लोग उन्हें कई बार जिंदा जलाने का प्रयास कर चुके हैं. उन्होंने आशंका जताई है कि आरोपित कभी भी उनकी हत्या कर सकते हैं.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
शकूराबाद थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
