Jehanabad : कुर्था नगर पंचायत के वार्ड आठ में सड़क पर जलजमाव, लोग परेशान

स्थानीय प्रखंड क्षेत्र की कुर्था नगर पंचायत इन दिनों मानो नरक पंचायत में तब्दील होती नजर आ रही है.

कुर्था. स्थानीय प्रखंड क्षेत्र की कुर्था नगर पंचायत इन दिनों मानो नरक पंचायत में तब्दील होती नजर आ रही है. नगर पंचायत की दीवारों पर लिखे स्वच्छ नगर पंचायत और सुंदर नगर पंचायत जैसे स्लोगन अब लोगों को हास्यास्पद लगने लगे हैं. इसकी वजह है वार्ड संख्या 8 की बदहाल स्थिति, जहां सड़कों पर जलजमाव के कारण लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. हालात इतने खराब हैं कि सड़कों पर जमा गंदे नाली के पानी में आये दिन बत्तखों को तैरते देखा जा रहा है. एक ओर नगर पंचायत स्वच्छता और सुंदरता के बड़े-बड़े दावे करती है, वहीं दूसरी ओर वार्ड संख्या 8 की स्थिति देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि ये दावे केवल दीवारों तक ही सीमित रह गये हैं. बताया जाता है कि जलजमाव वाले इस क्षेत्र से कुछ ही कदम की दूरी पर बाल विकास परियोजना पदाधिकारी के निर्देश पर एक आंगनबाड़ी केंद्र संचालित है. ऐसे में छोटे-छोटे बच्चों को केंद्र तक पहुंचने में भी काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है. इस संबंध में वार्ड संख्या 8 के खातिब मलिक, मोहम्मद खालिद आलम, मोहम्मद अरशद अली, नूर मोहम्मद, मोहम्मद ताहिर अंसारी और रजिया खातून ने संयुक्त रूप से बताया कि पिछले एक वर्ष से वार्ड में गंदे नाली के पानी के कारण लगातार जलजमाव की स्थिति बनी हुई है, लेकिन अब तक इस समस्या के समाधान की दिशा में कोई पहल नहीं की गयी है. उन्होंने बताया कि गंदे पानी से उठने वाली दुर्गंध के कारण लोगों का जीना दूभर हो गया है. स्थानीय लोगों ने अरवल जिलाधिकारी से मांग की है कि कुर्था नगर पंचायत के वार्ड संख्या 8 में पिछले एक वर्ष से हो रहे जलजमाव से अविलंब निजात दिलायी जाए, ताकि आमजन का आवागमन सुगम हो सके और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित किया जा सके.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: MINTU KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >