Jehanabad News: जहानाबाद जिला स्थापना दिवस के अवसर पर 25 जुलाई को जिला शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित पेंटिंग प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले राजकीयकृत इंटरस्तरीय विद्यालय, सरता के 12वीं कक्षा के छात्र सौरभ कुमार को शनिवार को विद्यालय में सम्मानित किया गया. इससे पहले उन्हें जिलाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जा चुका है.
विद्यालय में आयोजित हुआ सम्मान समारोह
सौरभ कुमार की उपलब्धि पर राजकीयकृत इंटरस्तरीय विद्यालय, सरता में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक श्लोक कुमार ने सौरभ कुमार को मेडल देकर सम्मानित किया. कार्यक्रम का संचालन शिक्षक नवीन कुमार ने किया.
शिक्षक की मेहनत की सराहना
प्रभारी प्रधानाध्यापक श्लोक कुमार ने कहा कि ललित कला विभाग के शिक्षक विकृत कुमार की भूमिका सराहनीय रही है. उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतियोगिता के लिए बेहतर तरीके से तैयार किया. उनकी मेहनत और मार्गदर्शन का ही परिणाम है कि सौरभ कुमार ने जिला स्तरीय पेंटिंग प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया.
शिक्षकों ने दी शुभकामनाएं
सम्मान समारोह में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे. सभी ने सौरभ कुमार को उनकी सफलता पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं.
