jehanabad News: शकुराबाद थाना क्षेत्र के देवनंदनबिगहा गांव में एक शिक्षक के बंद पड़े घर को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये के जेवरात और कीमती कपड़ों की चोरी कर ली. मामले में गृहस्वामी सह शिक्षक सुनील कुमार सिन्हा ने शकुराबाद थाने में आवेदन देकर अज्ञात चोरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है.
घर का ताला टूटा देख उड़े होश
दिए गए आवेदन में शिक्षक ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ जहानाबाद शहर में किराये के मकान में रहते हैं. गुरुवार को ग्रामीणों ने सूचना दी कि उनके घर का ताला टूटा हुआ है. सूचना मिलने के बाद जब वह गांव पहुंचे तो देखा कि मुख्य गेट सहित सभी कमरों के ताले टूटे हुए हैं और घर का सामान बिखरा पड़ा है.
7 लाख के जेवरात और 1 लाख के सामान की चोरी
पीड़ित के अनुसार अटैची का ताला तोड़कर उसमें रखी सोने की चेन, बाला, अंगूठी, पायल, झुमका समेत अन्य आभूषण चोरी कर लिए गए. चोरी गए जेवरात की कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई गई है. वहीं ट्रंक का ताला तोड़कर उसमें रखे कीमती कपड़े और अन्य सामान भी चुरा लिए गए, जिनकी कीमत लगभग 1 लाख रुपये बताई गई है.
पहले भी हो चुकी है चोरी
शिक्षक ने आवेदन में उल्लेख किया है कि वर्ष 2020 में भी उनके घर में चोरी की बड़ी घटना हुई थी, जिसमें 10 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति चोरी हो गई थी. उस मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद अब तक उसका खुलासा नहीं हो सका है. अब एक बार फिर चोरों ने घर को निशाना बनाकर करीब 8 लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया.
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलने के बाद शकुराबाद थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. वहीं एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर कई नमूने एकत्र किए हैं.
पुलिस जांच में जुटी
थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार ने बताया कि चोरी के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही मामले के उद्भेदन का प्रयास किया जा रहा है.
